दिल्ली की सड़क पर दौड़ेगा भारतीय दम, वेदांता हाफ मैराथन में हरमनजोत-लिली के कंधों पर भारतीय चुनौती
42 भारतीय इलीट धावक उतरेंगे मैदान में, किरण, कार्तिक, कविता और अंकिता पर भी रहेंगी नजरें
भारतीय लंबी दूरी के धावकों को प्रोत्साहन के लिए शुरू होगी ‘PRIDE’ पुरस्कार व्यवस्था
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। राजधानी एक बार फिर देश और दुनिया के शीर्ष लंबी दूरी के धावकों की रफ्तार की गवाह बनने जा रही है। रविवार, 18 अक्टूबर को आयोजित होने वाली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के 21वें संस्करण में भारतीय इलीट धावक भी पूरी ताकत के साथ उतरेंगे। वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रोड रेस में इस बार 42 भारतीय इलीट धावक हिस्सा लेंगे, जिनमें 22 पुरुष और 20 महिला धावक शामिल हैं।
भारतीय पुरुष वर्ग में हरमनजोत सिंह और किरण मात्रे पर सबसे अधिक नजरें रहेंगी, जबकि महिला वर्ग में पूर्व चैंपियन लिली दास और कविता यादव भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगी। इनके अलावा डॉ. कार्तिक करकेरा, प्रिंस कुमार, प्रीति लांबा और अंकिता ध्यानी जैसे नाम मुकाबले को और रोचक बनाएंगे।
पहली बार दिल्ली की चुनौती स्वीकारेंगे हरमनजोत
हरमनजोत सिंह पहली बार वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में अपनी किस्मत आजमाएंगे। 2026 टीसीएस वर्ल्ड 10के बेंगलुरु के भारतीय इलीट चैंपियन और एशियन क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता हरमनजोत इस समय भारतीय धावकों में सबसे तेज व्यक्तिगत समय के साथ मैदान में उतर रहे हैं।
उन्होंने अलवर टाइगर इंटरनेशनल हाफ मैराथन में 1:01:46 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया है। बेंगलुरु की जीत और एशियन क्रॉस कंट्री के रजत पदक ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया है और अब उनकी नजर दिल्ली में एक बड़ी पारी खेलने पर होगी।
हरमनजोत के लिए दिल्ली की चुनौती आसान नहीं होगी। उनका सामना देश के अनुभवी और स्थापित लंबी दूरी के धावकों से होगा। यही वजह है कि इस मुकाबले में भारतीय पोडियम की दौड़ खास दिलचस्प रहने की उम्मीद है।
किरण मात्रे भी होंगे बड़ी चुनौती
पिछली वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में भारतीय इलीट पुरुष वर्ग में दूसरे स्थान पर रहे किरण मात्रे इस बार एक कदम आगे बढ़ने के इरादे से उतरेंगे। उन्होंने पिछली दिल्ली रेस में 1:04:57 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय बनाया था।
2024 टीसीएस वर्ल्ड 10के बेंगलुरु के भारतीय इलीट वर्ग के विजेता किरण के नाम 10 किमी में 29:32 का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय भी दर्ज है।
वहीं, 2026 टाटा मुंबई मैराथन के भारतीय इलीट पुरुष वर्ग के विजेता डॉ. कार्तिक करकेरा भी मजबूत दावेदार होंगे। करकेरा पिछले साल दिल्ली हाफ मैराथन में भारतीय वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे थे। ऐसे में उन्हें दिल्ली की परिस्थितियों और रेस के दबाव का अनुभव भी हासिल है।
प्रिंस कुमार की लंबी दूरी में वापसी
उत्तर प्रदेश के ट्रैक स्टार प्रिंस कुमार भी लंबे अंतराल के बाद हाफ मैराथन में वापसी करेंगे। 2025 ओपन नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 और 10,000 मीटर के चैंपियन रहे प्रिंस ने 2025 साउथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5,000 मीटर का स्वर्ण भी जीता था।
महिला वर्ग में प्रीति लांबा भारतीय चुनौती को मजबूती देंगी। 2023 एशियाई खेलों में 3000 मीटर स्टीपलचेज में कांस्य पदक जीत चुकीं प्रीति के पास बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करने का अनुभव है।
लिली दास के सामने खिताब बचाने की चुनौती
महिला इलीट वर्ग में मुकाबला भी कम रोमांचक नहीं होगा। लिली दास 2024 की भारतीय इलीट चैंपियन हैं और इस बार भी उनसे मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद है। वहीं कविता यादव 2023 की चैंपियन रह चुकी हैं और दिल्ली की सड़क पर अपने अनुभव का फायदा उठाना चाहेंगी।
दोनों के सामने अंकिता ध्यानी की चुनौती होगी। ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में स्टीपलचेज में हिस्सा ले चुकीं अंकिता ने 2025 में पहली बार हाफ मैराथन दौड़ी थी और भारतीय इलीट महिला वर्ग में पांचवां स्थान हासिल किया था। इस बार उनका लक्ष्य पोडियम पर जगह बनाना होगा।
‘PRIDE’ से भारतीय धावकों को मिलेगा प्रोत्साहन
वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के इस संस्करण में भारतीय लंबी दूरी के धावकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल भी शुरू की जा रही है। प्रोकेम इंटरनेशनल ने PRIDE—Procam Rewards for Indian Distance Elites नाम से प्रदर्शन आधारित पुरस्कार व्यवस्था शुरू करने की घोषणा की है।
इसका उद्देश्य भारतीय इलीट लंबी दूरी के धावकों की उपलब्धियों को सम्मान देना, उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और देश में रोड रेसिंग को मजबूत आधार देना है।
भारतीय इलीट पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को क्रमशः 3.50 लाख, 2.50 लाख और 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
इसके अलावा वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में नया भारतीय इलीट रिकॉर्ड बनाने वाले धावक को एक लाख रुपये का अतिरिक्त पुरस्कार दिया जाएगा।
पुरुष वर्ग में भारतीय हाफ मैराथन रिकॉर्ड 60:30 है, जो अविनाश साबले ने 2020 में बनाया था। महिला वर्ग का रिकॉर्ड 70:31 है, जो एल. सूर्या ने 2017 में बनाया था।
पहली बार यूट्यूब पर लाइव होगी रेस
दर्शकों के लिए भी इस बार खास सुविधा रहेगी। वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन का पहली बार यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। 18 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से प्रोकेम इंटरनेशनल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रेस लाइव देखी जा सकेगी।
भारतीय धावकों की मजबूत मौजूदगी, पूर्व चैंपियनों की वापसी और नई पुरस्कार व्यवस्था के साथ इस बार दिल्ली हाफ मैराथन भारतीय लंबी दूरी की एथलेटिक्स के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बनने जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0