राजस्थान में LPG गैस चोरी का बड़ा खुलासा, टैंकर की सील तोड़कर सिलेंडरों में भरते थे गैस

Sep 16, 2026 - 16:44
 0  7
राजस्थान में LPG गैस चोरी का बड़ा खुलासा, टैंकर की सील तोड़कर सिलेंडरों में भरते थे गैस

बाड़मेर
 राजस्थान के बालोतरा जिले की हाईटेक पचपदरा रिफाइनरी से निकलने वाली एलपीजी गैस की सप्लाई के दौरान टैंकर चालकों की मिलीभगत से गैस चोरी कर सिलेंडरों में भरने का बड़ा मामला सामने आया है। बालोतरा जिला पुलिस की डीएसटी ने मंगलवार देर रात कुड़ी शरद में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से करीब 64 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए। इनमें गैस भरकर अवैध रूप से चोरी किए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि टैंकर चालकों की मिलीभगत से रास्ते में टैंकर की सील तोड़कर एलपीजी गैस सिलेंडरों में भरकर चोरी की जाती थी।

रिफाइनरी शुरू होने के बाद एलपीजी गैस अलग-अलग डिपो तक टैंकरों के माध्यम से भेजी जा रही थी। आरोप है कि इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर टैंकर चालकों की मिलीभगत से रास्ते में टैंकर की सील तोड़ी जाती थी और गैस सिलेंडरों में भरकर चोरी की जा रही थी। लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार की सूचना मिलने के बाद डीएसटी ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

अंधेरे में चल रहा था खेल
डीएसटी ने एक बंद पड़ी होटल के पीछे कार्रवाई करते हुए एलपीजी से भरे टैंकर, पिकअप वाहन और सिलेंडरों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार होटल केवल दिखावे के तौर पर संचालित हो रही थी, जबकि पीछे सुनसान स्थान पर अंधेरे में गैस की अवैध रिफिलिंग का कारोबार चल रहा था। डीएसटी प्रभारी आईदान राम ने बताया कि बंद पड़ी होटल के पीछे टैंकरों से गैस चोरी कर सिलेंडरों में भरने की गतिविधि चल रही थी। पुलिस की कार्रवाई देर रात तक जारी रही।

नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश
कार्रवाई के बाद पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और टैंकर चालकों की भूमिका की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर लंबे समय से चल रहे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है। इससे अवैध कारोबार से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आने की संभावना है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। साथ ही नेटवर्क से जुड़े लोगो की तलाश के लिए जगह-जगह छापेमारी की कार्रवाई चल रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0