पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी के बीच भूपेश बघेल एक्शन में, दोनों गुटों के नेताओं से अलग-अलग बैठक

Jul 7, 2026 - 14:14
 0  8
पंजाब कांग्रेस की गुटबाजी के बीच भूपेश बघेल एक्शन में, दोनों गुटों के नेताओं से अलग-अलग बैठक

चंडीगढ़.

पंजाब कांग्रेस में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी का मंथन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस में गुटबाजी के बीच विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल लगातार कांग्रेस नेताओं से मिले।

मंगलवार को पंजाब कांग्रेस भवन में पार्टी के प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। बैठकों का सिलसिला दोपहर बाद तक चलता रहा। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा इस बैठक में शामिल नहीं हुए। दोनों फिलहाल दिल्ली में हैं।

चुनावी रणनीति पर चर्चा तेज
बैठक में पंजाब कांग्रेस के तीनों वर्किंग प्रेसिडेंट, महासचिवों और संगठन के अन्य पदाधिकारियों से अलग-अलग बातचीत की गई। दोपहर बाद जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ भी बैठक प्रस्तावित रही, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है और सभी नेता 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल लगातार नेताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर रहे हैं ताकि संगठन को और मजबूत बनाया जा सके। वड़िंग ने कहा कि अगले तीन-चार दिनों तक यह मंथन जारी रहेगा और सभी नेताओं से एक-एक कर चर्चा की जाएगी।

एक दो दिनों में चंडीगढ़ में होगी मुलाकात
चरणजीत सिंह चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा के बैठक में शामिल नहीं होने के सवाल पर वड़िंग ने कहा कि दोनों नेताओं से भूपेश बघेल की फोन पर बातचीत हो चुकी है। वे फिलहाल पंजाब से बाहर हैं और एक-दो दिन में चंडीगढ़ आकर प्रभारी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव समिति के दोनों चेयरमैन भी जल्द इस प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक में कुछ पदाधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर वड़िंग ने स्पष्ट किया कि दो जिला अध्यक्ष अमरनाथ यात्रा पर गए हुए हैं। उन्होंने पहले ही लिखित रूप से इसकी सूचना दे दी थी, इसलिए उनकी अनुपस्थिति का कोई अन्य अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। उधर, कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने दिल्ली में अपनी मौजूदगी को लेकर उठ रहे सवालों पर कहा कि उनका दिल्ली जाना पूरी तरह निजी कारणों से है। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी को विदेश जाने के लिए छोड़ने के लिए दिल्ली आए हैं और उनके दौरे का किसी राजनीतिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।

'मतभेद जल्द सुलझाएं जाएंगे'
बैठक के बाद वर्किंग प्रेसिडेंट राजकुमार वेरका ने कहा कि कांग्रेस 2027 के चुनाव को ध्यान में रखकर लगातार रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है।
यदि कहीं कोई मतभेद है तो उसे भी जल्द सुलझा लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले दिनों में पंजाब कांग्रेस के सभी नेता एक मंच पर नजर आएंगे और चुनाव की तैयारियों को मिलकर आगे बढ़ाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0