Gen-Z उद्यमियों से संवाद करेंगे CM सैनी, स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन

Aug 21, 2026 - 07:14
 0  8
Gen-Z उद्यमियों से संवाद करेंगे CM सैनी, स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं को मिलेगा मार्गदर्शन

चंडीगढ़
 जेन-जी इंटरप्रेन्योर से संवाद कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी उन्हें सफलता का मंत्र देंगे। शुक्रवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश के सफल युवा उद्यमी अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को न केवल मार्गदर्शन देंगे, बल्कि आवश्यक धनराशि और तकनीकी सहायता सहित अन्य पहलुओं की जानकारी भी साझा की जाएगी।

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक में कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की शुरूआत से लेकर समापन तक वे बिना किसी औपचारिकता के युवाओं के साथ रहना और उनसे बात करना चाहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में छह मास्टर क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे। सफल उद्यमी एक्सपर्ट के तौर पर 50-50 बच्चों के गु्रप को स्टार्टअप की स्थापना व अन्य पहलुओं के संबंध में प्रशिक्षण देंगे और उन्हें बताएंगे कि किस प्रकार किसी स्टार्टअप को जीरो से लेकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। बाद में इन युवाओं को एमएसएमई से लिंक किया जाएगा, जहां वे स्टार्टअप का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम में एक स्टार्टअप रूम भी स्थापित किया जाएगा, जहां 60 सफल उद्यमी युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के गुर बताएंगे। इस दौरान बैकों द्वारा ऋण संबंधी तथा कौशल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा भी युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी यात्रा के अंतर्गत दो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

ये बसें गुरुग्राम से चलकर प्रदेश के प्रत्येक जिला में कालेज, विश्वविद्यालयों, आइटीआइ, कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को स्टार्टअप व एंटरप्रोन्योशिप के संबंध में जागरूक करेंगी। साथ ही स्टार्टअप शुरू करने वाले छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी विशेष रूप से मदद करेंगी। यह यात्रा दिसंबर तक चलेगी। यात्रा के समापन पर दिसंबर में जेन-जी के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें ‘युवा उद्यमी यात्रा’ से लाभांवित हुए युवा भागीदारी करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘युवा उद्यमी यात्रा’ के शुरू होने से पहले ही बसों का रूट तय करके सभी जिलों के शिक्षण संस्थानों को अग्रिम रूप से सूचित किया जाए। जिस शिक्षण संस्थान में बस जाए, वहां के विद्यार्थियों को भी यह जानकारी दी जाए कि वे अपने स्टार्टअप के आइडिया को मूर्त रूप देने के लिए किस प्रकार इस यात्रा से लाभ प्राप्त कर सकते हैं। यात्रा से लाभांवित युवाओं का रजिस्ट्रेशन किया जाए। जहां भी युवा उद्यमी यात्रा का कार्यक्रम हो, वहां प्रदर्शनी लगाई जाए और ऋण की जानकारी देने के लिए बैंकों का स्टाल लगवाया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0