पंजाब में ठंड का कहर: फरीदकोट में तापमान 8 डिग्री, शिमला जैसी ठंड; प्रदूषण से भी मिली राहत

Nov 10, 2025 - 11:14
 0  11
पंजाब में ठंड का कहर: फरीदकोट में तापमान 8 डिग्री, शिमला जैसी ठंड; प्रदूषण से भी मिली राहत

फरीदकोट 

चंडीगढ़ और पंजाब में ठंडक लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को पहली बार चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा तथा 13 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सुबह और शाम के बाद अब दोपहर में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रविवार अवकाश होने के कारण लोगों ने सुहावने मौसम का भरपूर आनंद लिया। शहर के पर्यटन स्थलों पर दिनभर भीड़ नजर आई। सुखना लेक पर पहुंची पर्यटक आरती पाल ने बताया कि उमस भरे दिनों में यहां आना कम कर दिया था, लेकिन अब तापमान गिरने के साथ दोस्तों के साथ दोबारा आने के बाद यहां के मौसम और नजारों का आनंद लिया। साप्ताहिक अवकाश होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मौसम निदेशालय चंडीगढ़ का कहना है कि 15 नवंबर के बाद ठंड में और तेजी आएगी, जिसके चलते सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले करीब दो हफ्तों तक पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा। विभाग ने बताया है कि इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहेगा। मौसम में आई इस ठंडक के साथ ही सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार हो रही गिरावट के चलते लोगों को सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों से सावधान रहना चाहिए। बढ़ती ठंड शरीर पर गहरा असर डाल सकती है, इसलिए नागरिकों को गर्म कपड़ों और खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। 

पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा

पंजाब में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को पंजाब में रात के तापमान में 0.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। इससे यह सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे गिर गया है। 8 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ फरीदकोट सबसे ठंडा रहा। 

पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के पास बना हुआ है। लेकिन अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का अधिकतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक 30.8 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग ने पंजाब में अगले छह दिन मौसम शुष्क बना रहने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम भले ही शुष्क बना रहेगा, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी। जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी।

अमृतसर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री (सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे), लुधियाना का 28.0 डिग्री (सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे) , पटियाला का 28.6 डिग्री (सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे), बठिंडा का 27.5 डिग्री, गुरदासपुर का 27.3 डिग्री, एसबीएस नगर का 27.7 डिग्री, फाजिल्का का 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 10.2 डिग्री, लुधियाना का 11.8 डिग्री, पटियाला का 10.3 डिग्री, बठिंडा का 8.4 डिग्री, फरीदकोट व फिरोजपुर का 9.8-9.8 डिग्री व रोपड़ का 8.4 डिग्री दर्ज किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0