लुधियाना में वीजा कंसल्टेंट के ऑफिस पर फायरिंग, गोलियां बरसाकर बाइक सवार फरार

Oct 12, 2026 - 14:14
 0  9
लुधियाना में वीजा कंसल्टेंट के ऑफिस पर फायरिंग, गोलियां बरसाकर बाइक सवार फरार

लुधियाना.

लुधियाना के पॉश इलाके मॉडल टाउन एक्सटेंशन में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक वीजा कंसल्टेंसी के दफ्तर को निशाना बनाकर फायरिंग की। शुरुआती पड़ताल में यह मामला रंगदारी के लिए धमकी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, क्योंकि पीड़ित को पहले भी लगातार धमकियां मिल रही थीं।

रविवार देर रात दो अज्ञात हमलावर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और 'राइटवे वीजा कंसल्टेंट्स' के दफ्तर के बाहर रुककर दहशत फैलाने के इरादे से 2 से 3 राउंड गोलियां चलाईं। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूत्रों और शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, इस सनसनीखेज वारदात की जड़ें पुरानी धमकियों और रंगदारी से जुड़ी हो सकती हैं। पुलिस को यह जानकारी मिली है कि वीजा कंसल्टेंट के दफ्तर को चलाने वाले पीड़ित को पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी थीं और उससे पैसों की डिमांड की जा रही थी। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इन धमकियों के पीछे किस गैंग या शख्स का हाथ है और बदमाशों द्वारा कितनी रकम की मांग की गई थी।

वारदात की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मॉडल टाउन के एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आसपास के तमाम रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों के आने-जाने के रूट का पता चल सके। फिलहाल पुलिस पीड़ित के आधिकारिक बयानों को दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि बयानों के आधार पर ही इस पूरी वारदात की परतें खुल सकेंगी और यह स्पष्ट हो पाएगा कि इस फायरिंग के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की शिनाख्त कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0