रक्षाबंधन पर हरियाणा में महिलाओं का फ्री सफर, 15 साल तक के बच्चों को भी मिलेगी सुविधा

Aug 25, 2026 - 13:44
 0  7
रक्षाबंधन पर हरियाणा में महिलाओं का फ्री सफर, 15 साल तक के बच्चों को भी मिलेगी सुविधा

 चंडीगढ़
रक्षाबंधन के पर्व पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं को रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा दी है। महिलाओं को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त रात 12 बजे (मध्यरात्रि) तक मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिलाओं के साथ 15 वर्ष तक के बच्चों को भी इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और परिवहन मंत्री अनिल विज के निर्देश पर परिवहन निदेशालय की ओर से सभी रोडवेज महाप्रबंधकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

महिलाओं को मुफ्त सफर करने की सुविधा हरियाणा रोडवेज की आर्डिनरी बसों में राज्य के भीतर यात्रा के लिए लागू होगी। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज की ऐसी साधारण बसें जो चंडीगढ़ और दिल्ली तक संचालित होती हैं, उनमें भी महिलाएं और उनके साथ 15 वर्ष तक के बच्चे मुफ्त यात्रा कर सकेंगे।

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके जाने और भाइयों को राखी बांधने के लिए यात्रा करने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने बसों के संचालन को लेकर विशेष तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।

सभी रोडवेज महाप्रबंधकों को पर्याप्त संख्या में बसें उपलब्ध रखने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित करने को कहा गया है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

बस अड्डों पर यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में वर्दीधारी स्टाफ की तैनाती भी की जाएगी। कर्मचारियों को विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की यात्रा से संबंधित जानकारी देने तथा उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी परिवहन विभाग ने जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा है। बस अड्डों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के लिए सभी महाप्रबंधकों को जिला प्रशासन के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन विभाग ने इस पूरी व्यवस्था की निगरानी के साथ-साथ मुफ्त यात्रा सुविधा का महिलाओं और बच्चों ने कितना लाभ उठाया, इसकी रिपोर्ट भी मांगी है। सभी महाप्रबंधकों को 31 अगस्त तक सुविधा का लाभ लेने वाले महिलाओं और बच्चों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0