हरियाणा: देश की अर्थव्यवस्था का नया ग्रोथ इंजन – नायब सैनी का दावा

पंचकूला
पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित करते हुए। -
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प से ही भारत विकसित राष्ट्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा संकल्प है, जो हमें आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहा है। यही भारत की असली ताकत है और इसी ताकत को पहचानते हुए पीएम मोदी ने स्वदेशी का नारा दिया है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को पंचकूला स्थित भाजपा कार्यालय पंचकमल में आत्मनिर्भर भारत संकल्प कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि 25 सितंबर से लेकर 25 दिसंबर तक 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान' चलेगा। इस अभियान की चर्चा हर गली और घर-घर तक पहुंचनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर ‘सुराज’का भी आधार है। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस स्वराज का सपना देखा था, उसे सुराज में बदलने के लिए हम पिछले 11 साल से लगातार कोशश कर रहे हैं। इस ‘सुराज’ का मार्ग पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने दिखाया था और वे आजीवन इसके लिए काम करते रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था को पांच ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आत्मनिर्भरता के इकोनॉमी, इंफ्रास्ट्रक्चर, सिस्टम, डेमोग्राफी और डिमांड ये पांच स्तंभ बताए हैं। इन पांच स्तंभों के माध्यम से देश नयी बुलंदियों को छुएगा। उन्होंने कहा कि जब हम आत्मनिर्भर भारत की बात करते हैं, तो हरियाणा का नाम गर्व से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का ग्रोथ इंजन है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इसे ग्रोथ इंजन कहा है।
सैनी ने कहा कि प्रदेश में ’आत्मनिर्भर हरियाणा-आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के अन्तर्गत ’हरियाणा आत्मनिर्भर पोर्टल’ शुरू किया गया है। कोई भी व्यक्ति या व्यवसायी अपना नया काम-धंधा शुरू करने के लिए इस पोर्टल के माध्यम से योजनाओं का लाभ उठा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने प्रदेश में पदमा कार्यक्रम को लागू किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में व्यापार करने में आसानी के लिए 48 विभागों के 1100 से अधिक गैर जरूरी नियमों को समाप्त किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला को राष्ट्रीय सचिव अल्का गुर्जर, प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया के अलावा संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री एवं मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित सांसद, विधायक, मंत्री, जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी तथा आत्म निर्भर भारत संकल्प की टीम मौजूद रही।
What's Your Reaction?






