गुरदासपुर में बढ़ती गर्मी पर हेल्थ अलर्ट, सेहत विभाग ने जारी की एडवाइजरी

May 19, 2026 - 15:14
 0  8
गुरदासपुर में बढ़ती गर्मी पर हेल्थ अलर्ट, सेहत विभाग ने जारी की एडवाइजरी

गुरदासपुर.

जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और हीट वेव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग गुरदासपुर ने एडवाइजरी जारी की है। सिविल सर्जन डॉ. महेश कुमार प्रभाकर ने लोगों से गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने और शरीर को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जब मैदानी इलाकों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाता है, तो उसे हीट वेव माना जाता है। अत्यधिक गर्मी शरीर के तापमान नियंत्रित करने वाले सिस्टम को प्रभावित करती है और कई गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है।

इन लोगों को हीट स्ट्रोक का ज्यादा खतरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नवजात शिशु, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, मजदूर, मोटापे से ग्रस्त लोग, मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति तथा दिल, किडनी, लिवर या हाई ब्लड प्रेशर के मरीज हीट स्ट्रोक के अधिक खतरे में रहते हैं।

हीट स्ट्रोक से बचने के लिए क्या करें -

  • सुबह और शाम के समय ही बाहर की गतिविधियां करें।
  • हर आधे घंटे में पानी पीते रहें, चाहे प्यास न लगे।
  • हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें।
  • धूप में निकलते समय सिर को टोपी, छाता, गमछा या स्कार्फ से ढकें।
  • बाहर जाते समय हमेशा जूते या चप्पल पहनें।
  • धूप में काम करने वाले लोग समय-समय पर छांव में आराम करें।
  • अपने साथ हमेशा पानी रखें।
  • तरबूज, खीरा, संतरा, अंगूर और टमाटर जैसे पानी से भरपूर फल व सब्जियां खाएं।
  • नींबू पानी, लस्सी और नारियल पानी जैसे घरेलू पेय पदार्थों का सेवन करें।
  • सनस्क्रीन और धूप का चश्मा इस्तेमाल करें।
  • कम मात्रा में लेकिन बार-बार भोजन करें।
  • ठंडे पानी से नहाएं और शरीर को ठंडा रखें।

क्या न करें

  • दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें।
  • शराब, चाय, कॉफी और ज्यादा मीठे या कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन न करें।
  • तला-भुना और बासी भोजन खाने से बचें।
  • बच्चों और पालतू जानवरों को बंद गाड़ी में अकेला न छोड़ें।

तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत कब पड़ती है
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यदि तेज सिरदर्द, चक्कर आना, बेहोशी, सांस लेने में दिक्कत, तेज धड़कन, उल्टी, शरीर का तापमान 40 डिग्री से अधिक होना, मांसपेशियों में ऐंठन या मानसिक संतुलन बिगड़ने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि सभी सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से संबंधित दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। वहीं डॉ. महेश कुमार प्रभाकर ने अधिकारियों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0