मुख्यमंत्री डॉ. यादव की निवेश और औद्योगीकरण बढ़ाने की घोषणा पर अमल

Nov 13, 2026 - 16:44
 0  7
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की निवेश और औद्योगीकरण बढ़ाने की घोषणा पर अमल

18 जिलों में 21 नए औद्योगिक क्षेत्रों की अधिसूचना जारी
भोपाल में रातीबड़ और आगरिया छापर नए औद्योगिक क्षेत्र
412 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होंगे 21 औद्योगिक क्षेत्र

भोपाल
मुख्यमंत्री डाँ. मोहन यादव द्वारा मध्यप्रदेश के सभी क्षेत्रों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देनी की  घोषणा के अनुरूप सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने 18 जिलों में नवीन 21 औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित करने की सूचना जारी कर दी है। भोपाल जिले में आरा मशीन कलस्टर के लिए रातीबड़ के अलावा आगरिया छापर में औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं।

एमएसएमई मंत्री श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने बताया कि  मध्यप्रदेश को देश के अग्रणी औद्योगिक एवं निवेश केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रदेश के 18 जिलों भोपाल , पन्ना, सीहोर, देवास, बुरहानपुर, सीधी, धार, रायसेन, शिवपुरी, खरगौन, निवाड़ी, नीमच, कटनी, जबलपुर, बड़वानी, मंदसौर, छतरपुर एवं बैतूल में कुल 412 हेक्टेयर भूमि पर 21 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों को अधिसूचित किया गया है। यह पहल प्रदेश में औद्योगिक अधोसंरचना के विस्तार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री श्री काश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के दूरदर्शी नेतृत्व एवं सतत मार्गदर्शन में एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने तथा उद्यमियों को उद्योग स्थापना के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनका विभाग प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डाँ. यादव द्वारा उद्योग एवं निवेश को बढ़ावा देने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।

मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2025 में उल्लेखित प्रावधान अनुसार जो औद्योगिक क्षेत्र अधिसूचित किए गए हैं, उनमें जिला भोपाल में रातीबड़( आरा मशीन कलस्टर) और आगरिया छापर, पन्ना में बड़ा गाँव, सीहोर में इच्छावर, देवास में कालूखेड़ी, बुरहानपुर में सातापयरी, सीधी में बाड़ीटोला, धार में रायण और सरदारपुर, रायसेन में समनापुर जागीर, शिवपुरी में बदरवास, खरगोन में डाबरिया, निवाड़ी में निवाड़ी भाटा, नीमच में सगराना,  कटनी में टिकरिया,  जबलपुर में मोहिनिया, बड़वानी में घटवा, मंदसौर में पानपुर, छतरपुर में धामची, निवाड़ी में बड़ेडी जंगल और बैतूल में उड़दन गुड क्लस्टर शामिल हैं।

इन 21 नवीन औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से प्रदेश के विभिन्न अंचलों में उद्यमियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं विस्तार के लिए विकसित भूमि उपलब्ध हो सकेगी। इससे स्थानीय संसाधनों एवं उद्यमशीलता को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होने के साथ क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

औद्योगिक अधोसंरचना का यह विस्तार प्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने तथा एमएसएमई इकाइयों की स्थापना एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही छोटे एवं नए उद्यमियों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।

प्रदेश के एमएसएमई एवं उद्यमी समुदाय ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि एमएसएमई क्षेत्र के प्रति उनका निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रतिबद्धता प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान कर रही है। राज्य शासन का लक्ष्य मध्यप्रदेश को सशक्त औद्योगिक आधारभूत संरचना एवं उद्यमशीलता के माध्यम से देश के प्रमुख एमएसएमई केंद्रों में स्थापित करना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0