भारत-पाक सीमा के आखिरी गांव में अजीब आंकड़े, आबादी 535 और वोटर 950; 50 साल से नहीं सुधरा रिकॉर्ड

Nov 13, 2026 - 12:14
 0  8
भारत-पाक सीमा के आखिरी गांव में अजीब आंकड़े, आबादी 535 और वोटर 950; 50 साल से नहीं सुधरा रिकॉर्ड

रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर)
भारत-पाकिस्तान सीमा के अंतिम छोर पर बसे एक गांव की सरकारी आंकड़ों में दर्ज आबादी और मतदाताओं की संख्या के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। ग्राम पंचायत लखाहाकम के चक 82 आरबी में सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार आबादी महज 535 है, जबकि यहां मतदाताओं की संख्या 950 दर्ज है। करीब 1300 की वास्तविक आबादी वाले इस गांव में पिछले पांच दशक से राजस्व रिकॉर्ड की यह विसंगति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बावजूद अब तक इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

ग्राम पंचायत लखाहाकम भारत-पाकिस्तान सीमा के अंतिम छोर पर स्थित है। करीब 10 हजार की आबादी वाली इस पंचायत में पांच गांव शामिल हैं। यहां चुनाव के दौरान विकास के वादे तो किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का इंतजार खत्म नहीं हो रहा। चक 82 आरबी के अलावा चक 83, 84, 85 और 28 आरबी में भी ग्रामीण पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं।

एक-दो दिन ही आते हैं डॉक्टर, इलाज के लिए परेशानी
गांव के राजकीय चिकित्सालय में स्थायी चिकित्सक नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। यहां सप्ताह में केवल एक या दो दिन दूसरे स्थान से चिकित्सक आते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को नियमित उपचार के लिए परेशानी उठानी पड़ती है। गंभीर स्थिति में मरीजों को दूसरे क्षेत्रों में जाना पड़ता है।

दूसरी पंचायत के भरोसे पेयजल आपूर्ति
लखाहाकम में पेयजल आपूर्ति के लिए एकमात्र ओवरहेड टैंक है। इसके बावजूद पानी की सप्लाई के लिए ग्रामीणों को दूसरी पंचायत पर निर्भर रहना पड़ता है। ग्रामीण लंबे समय से स्थायी पेयजल व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा बालिका विद्यालय खोलने और लखामाइनर के शेष रकबे तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की मांग भी करीब एक दशक से लंबित है।

जीएसएस से जोड़ने की मांग भी अधूरी
ग्रामीण प्रमोद नोखवाल का कहना है कि सीमावर्ती गांवों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाएं केवल विकास का मुद्दा नहीं, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण हैं। वहीं, बलदेव सिंह के अनुसार, चक 82 आरबी के ग्रामीण पांच दशक से राजस्व रिकॉर्ड की विसंगति दूर कराने और गांव को नजदीकी जीएसएस से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0