150 साल में बदल गई जयपुर की चिकित्सा व्यवस्था, राजवैद्यों से रोबोटिक सर्जरी तक पहुंचा सफर

Nov 24, 2026 - 14:44
 0  8
150 साल में बदल गई जयपुर की चिकित्सा व्यवस्था, राजवैद्यों से रोबोटिक सर्जरी तक पहुंचा सफर

जयपुर
 उस दौर की कल्पना कीजिए, जब जयपुर की गलियों में राजवैद्यों के नुस्खे और परंपरागत उपचार ही सहारा थे। करीब 150 साल पहले सांगानेरी दरवाजे के बाहर खुले मेडिकल स्कूल में जब शवों की चीरफाड़ हुई, तो लोगों ने इसका विरोध किया। इसके बाद महाराजा रामसिंह द्वितीय को स्कूल बंद कर विद्यार्थियों को आगरा भेजना पड़ा। सोचिए, जिस शहर में आधुनिक चिकित्सा की राह इतनी कठिन थी, उसी ने वक्त के साथ खुद को गढ़ा। 1870 में कोलकाता की तर्ज और वायसराय लॉर्ड मेयो की याद में बने मेयो अस्पताल, जनाना अस्पताल और पहले मेडिकल कॉलेज से शुरू हुई यह यात्रा आज एसएमएस, जेके लोन, महिला चिकित्सालय व राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान होते हुए रोबोटिक सर्जरी, अंग प्रत्यारोपण, 24 मंजिला आइपीडी टावर और रिम्स तक पहुंच गई है।

ऐसे मिला एसएमएस मेडिकल कॉलेज
मिर्जा इस्माइल की पहल से जयपुर को देशी रियासतों का पहला मेडिकल कॉलेज मिला। 20 अगस्त 1944 को डॉ. जीवराज मेहता बुलाए गए, महाराजा मानसिंह ने 13.50 लाख रुपए स्वीकृत किए और लॉर्ड वावेल ने शिलान्यास किया। 20 नवंबर 1946 को राजपूताना विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेज में पहले वर्ष 50 सामान्य व 15 महिला सीटें थीं।

आयुर्वेद से आइपीडी टावर और रिम्स तक
जयपुर में आयुर्वेद की शुरुआत 1865 में महाराजा संस्कृत कॉलेज के विभाग से हुई: अगस्त 1946 में स्वतंत्र आयुर्वेद कॉलेज और 7 फरवरी 1976 को राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान बना, जिसे 2020 में मानद विश्वविद्यालय का दर्जा मिला। आज एसएमएस में रोबोटिक सर्जरी और अंग प्रत्यारोपण जैसी अत्याधुनिक सेवाएं मौजूद हैं, जबकि 24 मंजिला आइपीडी टावर और रिम्स जयपुर की चिकित्सा यात्रा को नई ऊंचाई देने वाले अगले बड़े पड़ाव बन रहे हैं।

रास्ते में ही दम तोड़ देते थे मरीज
80 साल पहले कुछ नहीं था, नीम-हकीम और जड़ी-बूटियों के सहारे ही जिंदगी चलती थी। परिवहन के नाम पर सिर्फ बैलगाड़ी थी, जो हर किसी के बस की बात नहीं थी। मीलों पैदल चलकर अस्पताल मिलता था। बुजुर्ग तो रास्ते में ही दम तोड़ देते थे।
- चौथूराम शर्मा, भांकरोटा

हमारे दौर में ऐसा नहीं था, अब बहुत बदल गया
आज का एसएमएस अस्पताल जो विशाल वटवृक्ष नजर आता है, हमारे दौर में वैसा नहीं था। उस समय अस्पताल की इमारत से लेकर सुविधाएं तक बेहद सीमित थीं। कभी इलाज के लिए तरसने वाला जयपुर आज चिकित्सा के क्षेत्र में जिस मुकाम पर खड़ा है, वह बदलाव देखकर दिल को सुकून मिलता है।
- मिर्जा मंजूर बैग, घोड़ा निकास रोड

बदला चिकित्सा का नक्शा
    1944: में पहला मेडिकल कॉलेज बना।
    13.50 लाख रुपए का खर्च आया था।
    1.63: हजार की लागत से बना था मेयो अस्पताल।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0