रक्षाबंधन से पहले झुंझुनूं के बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सजे, खरीदारी बढ़ी

Aug 25, 2026 - 14:14
 0  8
रक्षाबंधन से पहले झुंझुनूं के बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सजे, खरीदारी बढ़ी

झुंझुनूं
रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही झुंझुनूं शहर सहित जिले के प्रमुख बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज गए हैं। दुकानों पर तरह-तरह की राखियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। बच्चों से लेकर युवाओं और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए बाजार में पारंपरिक से लेकर आधुनिक डिजाइन की राखियां उपलब्ध हैं। पर्व को लेकर बहनों में राखी खरीदने को लेकर उत्साह नजर आने लगा है, वहीं दुकानदारों ने भी ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार अलग-अलग रेंज में राखियां मंगवाई हैं।

बाजार में इस बार कार्टून कैरेक्टर, रुद्राक्ष, मोती, चंदन, स्टोन व आकर्षक डिजाइन वाली राखियों की मांग अधिक है। छोटे बच्चों के लिए पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां उपलब्ध हैं तो युवाओं के लिए स्टाइलिश और डिजाइनर राखियां दुकानों पर सजी हुई हैं। वहीं पारंपरिक राखियों में रुद्राक्ष, चंदन और मोती वाली राखियां भी ग्राहकों को पसंद आ रही हैं।

राखियों के साथ बाजार में भाई-बहन के रिश्ते को खास बनाने के लिए गिफ्ट पैक, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स पैक और छोटे उपहार भी उपलब्ध हैं। कई दुकानदारों ने राखी के साथ गिफ्ट कॉम्बो तैयार किए हैं, ताकि ग्राहक एक ही जगह से राखी और भाई के लिए उपहार खरीद सकें। इससे राखी के साथ गिफ्ट की बिक्री भी बढऩे लगी है।

ऑनलाइन दौर में बाजार में जाकर राखी खरीदने का उत्साह बरकरार
राखी विक्रेता पीयूष पंसारी ने बताया कि बाजार में हर वर्ग के ग्राहकों को ध्यान में रखकर राखियां मंगाई गई हैं। सामान्य राखियों से लेकर आकर्षक और डिजाइनर राखियों की अलग-अलग कीमतें हैं। उन्होंने बताया कि पांच रुपए से लेकर नौ सो रुपए तक की राखी उपलब्ध है।

बदलते समय के साथ रक्षाबंधन मनाने का तरीका भी बदल रहा है। दूसरे शहरों और राज्यों में रहने वाले भाइयों तक राखी पहुंचाने के लिए ऑनलाइन राखी भेजने का चलन लगातार बढ़ रहा है। बहनें घर बैठे राखी, चॉकलेट और गिफ्ट पैक पसंद कर ऑनलाइन ऑर्डर कर रही हैं। इसके बाद डिलीवरी के माध्यम से राखी सीधे भाई के पते तक पहुंचाई जा रही है। इसके बावजूद शहर के बाजारों में जाकर अपनी पसंद की राखी खरीदने का उत्साह आज भी बरकरार है।

बच्चों की पसंद में कार्टून राखियां
छोटे बच्चों के लिए बाजार में कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की बड़ी रेंज उपलब्ध है। इनमें बच्चों के स्पीनर, घड़ी, लाइटिंग सहित पसंदीदा किरदारों के अलावा रंग-बिरंगे डिजाइन और आकर्षक सजावट वाली राखियां शामिल हैं। दुकानदारों के अनुसार बच्चों के लिए राखी खरीदने वाले अभिभावक डिजाइन और रंग को विशेष महत्व दे रहे हैं।

राखी के साथ भाई को उपहार देने का चलन भी बढ़ा है। बाजार में राखी के साथ चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स और अन्य छोटे गिफ्ट पैक उपलब्ध हैं। कई बहनें राखी के साथ भाई की पसंद की चॉकलेट या उपहार भी खरीद रही हैं। इससे राखी के साथ गिफ्ट आइटम की बिक्री में भी तेजी आई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0