मोहम्मद सिराज को मिली बड़ी जिम्मेदारी, रणजी ट्रॉफी 2026-27 में हैदराबाद के कप्तान बने

Sep 12, 2026 - 12:44
 0  7
मोहम्मद सिराज को मिली बड़ी जिम्मेदारी, रणजी ट्रॉफी 2026-27 में हैदराबाद के कप्तान बने

नई दिल्ली
टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को बड़ी जिम्मेदारी मिली है. सिराज को रणजी ट्रॉफी 2026-27 के लिए हैदराबाद टीम की कमान सौंपी गई है. हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने इस बात का ऐलान किया. सिराज जहां हैदराबाद के कप्तान होंगे, वहीं तेज गेंदबाज चामा मिलिंद उप-कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे.

रणजी ट्रॉफी का आगामी सीजन 11 अक्टूबर से शुरू होगा, जहां हैदराबाद अपने पहले मुकाबले में त्रिपुरा का सामना करेगा. हैदराबाद को एलीट ग्रुप बी में रखा गया है. इस ग्रुप में सौराष्ट्र, कर्नाटक, पंजाब, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और त्रिपुरा की टीम्स भी शामिल हैं. ऐसे में सिराज के सामने कप्तानी के साथ-साथ अपनी गेंदबाजी लय को मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी.

मोहम्मद सिराज हाल ही में श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आए थे, जहां उनकी बॉलिंग स्पीड में गिरावट देखने को मिली. आमतौर पर सिराज 140 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास गेंदबाजी करते हैं. लेकिन इस दौरे पर कई बार वो 130 KMPH से कम रफ्तार में गेंद डालते दिखाई दिए. दो टेस्ट मैचों में उन्होंने 44 ओवर्स की गेंदबाजी की और चार विकेट हासिल किए.

मोहम्मद सिराज ने बाद में खुद इसकी वजह बताई. उनके मुताबिक करीब दो महीने के ब्रेक के बाद सीधे मुकाबले में उतरने से उनकी लय प्रभावित हुई. उन्होंने कहा कि वह ऐसे गेंदबाज हैं जिनके लिए रनअप और लय बेहद अहम हैं. रनअप में तालमेल बिगड़ने से उनकी गति पर भी असर पड़ा.

साउथ जोन के लिए दिखाया जज्बा
श्रीलंका दौरे के बाद मोहम्मद सिराज ने दलीप ट्रॉफी 2026-27 फाइनल में साउथ जोन के लिए खेला. तिलक वर्मा की कप्तानी वाली टीम के लिए खेलते वक्त उनके प्रदर्शन में सुधार के संकेत मिले. चेन्नई की गर्मी में खेलने के दौरान सिराज को अपनी गेंदबाजी में वह लय वापस मिलती महसूस हुई, जिसकी उन्हें तलाश थी. उन्होंने कहा कि चेन्नई में चीजें सही जगह पर आने लगीं और इसके साथ गेंद की गति भी स्वाभाविक रूप से बढ़ी.

मोहम्मद सिराज ने अपनी फिटनेस और गेंदबाजी की चुनौतियों के बीच एक बात को सबसे ऊपर रखा. उनका कहना है कि जब खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करता है तो परिस्थितियों का बहाना नहीं बनाया जा सकता. सिराज के मुताबिक उनके लिए यह जुनून का मामला है और देश के लिए खिलाड़ी को अपना हर संभव प्रयास करना चाहिए.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0