चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में तैयार होंगे नेटबॉल खिलाड़ी, खेल कोर्ट के लिए हुआ एमओयू

Aug 14, 2026 - 14:14
 0  8
चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में तैयार होंगे नेटबॉल खिलाड़ी, खेल कोर्ट के लिए हुआ एमओयू

चंडीगढ़.

सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों को नेटबॉल के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में चंडीगढ़ शिक्षा विभाग और नेटबॉल स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन चंडीगढ़ के बीच एमओयू हुआ।

सेक्टर-19 स्थित डीईओ कार्यालय में हुए इस समझौते के तहत दो सरकारी स्कूलों में नेटबॉल कोर्ट उपलब्ध कराए जाएंगे। एमओयू पर चंडीगढ़ की जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बीना रानी ने शिक्षा विभाग की ओर से हस्ताक्षर किए। वहीं नेटबॉल स्पोर्ट्स प्रमोशन एसोसिएशन चंडीगढ़ की ओर से महासचिव प्रभजीत सिंह लांबा और संयुक्त सचिव निखिल यादव ने हस्ताक्षर किए। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, कौशल विकास और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। एमओयू के दायरे में गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-20डी और गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-19सी को शामिल किया गया है। सेक्टर-20डी स्कूल की ओर से प्रधानाचार्य बलजीत कौर और उपप्रधानाचार्य परमजीत सोही मौजूद रहीं।

वहीं, सेक्टर-19सी स्कूल की ओर से उपप्रधानाचार्य निर्मल जोशी और उपप्रधानाचार्य मोना ने प्रतिनिधित्व किया। एईओ परमजीत बावा भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि स्कूलों में समर्पित नेटबॉल कोर्ट बनने से विद्यार्थियों को नियमित प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे वे स्कूल और जिला स्तर के साथ-साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हो सकेंगे। प्रभजीत सिंह लांबा और निखिल यादव ने डीईओ बीना रानी, एईओ परमजीत बावा, स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं उपप्रधानाचार्यों तथा शिक्षा विभाग का सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग और खेल संस्थाओं के बीच इस तरह के सहयोग से चंडीगढ़ में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अधिक अवसर देने में मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0