दिल्ली में LPG वितरकों के प्रदर्शन को पुलिस की अनुमति नहीं, त्योहारों और सुरक्षा का दिया हवाला

Oct 27, 2026 - 09:14
 0  7
दिल्ली में LPG वितरकों के प्रदर्शन को पुलिस की अनुमति नहीं, त्योहारों और सुरक्षा का दिया हवाला

नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने त्योहारी सीजन और कानून-व्यवस्था से जुड़ीं संभावित चिंताओं का हवाला देते हुए यमुनापार के सीबीडी ग्राउंड में एलपीजी वितरकों को विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया। पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) के उपयोग को बढ़ावा देने वाली केंद्र की नीतियों के खिलाफ सोमवार को देशभर से तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) वितरक निर्धारित स्थल पर एकत्र हुए और मांगें पूरी होने तक अपना आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने पुष्टि की कि विरोध प्रदर्शन के लिए अब तक कोई अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जंतर-मंतर को धरना स्थल की सूची से बाहर करने के बाद सीबीडी ग्राउंड और रामलीला मैदान को वैकल्पिक विरोध स्थलों के रूप में सूचीबद्ध किया गया था। हालांकि, आयोजकों के लिए प्रदर्शन से पहले निर्धारित नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा, 'यह त्योहारों का समय है, और अन्य कार्यक्रम भी हैं। हम अभी अनिश्चितकालीन हड़ताल नहीं होने दे सकते। इससे कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है।'

सीबीडी ग्राउंड में सुरक्षा बढ़ी
आंदोलन में लगभग 2,000 से 4,000 लोगों के शामिल होने की संभावना के चलते पुलिस ने सीबीडी ग्राउंड और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। इस प्रदर्शन के लिए एलपीजी वितरकों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि एकत्र हुए। विरोध प्रदर्शनों के लिए निर्दिष्ट स्थलों की सूची से जंतर-मंतर को हटाने और सीबीडी ग्राउंड को वैकल्पिक स्थल के रूप में सूचीबद्ध किए जाने के बाद यह इस स्थान पर होने वाला पहला बड़ा विरोध प्रदर्शन था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0