रांची में महंगाई का बड़ा झटका, सरसों तेल 200 रुपये पार तो अरहर दाल 143 रुपये किलो पहुंची

Nov 10, 2026 - 08:44
 0  8
रांची में महंगाई का बड़ा झटका, सरसों तेल 200 रुपये पार तो अरहर दाल 143 रुपये किलो पहुंची

रांची
 राजधानी में महंगाई की मार अब आम आदमी की रसोई पर पड़ने लगी है। पिछले 20 दिनों से लेकर एक महीने के भीतर खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। सरसों तेल की कीमत 10 से 12 प्रतिशत तक बढ़कर 200 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। वहीं, अरहर दाल, चना दाल, चीनी, रिफाइंड तेल और मसालों के दाम में भी इजाफा हुआ है।

रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं की कीमत बढ़ने से निम्न मध्यवर्गीय और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। वहीं अरहर दाल की कीमत एक महीने में 108 रुपये से बढ़कर 143 रुपये किलो हो गई है। यानी करीब 35 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।

चना दाल 80 रुपये से बढ़कर 100 रुपये किलो पहुंच गई है। लाल चना की कीमत 75 रुपये से बढ़कर 90 रुपये किलो हो गई है। सरसों तेल की कीमत में एक महीने के भीतर करीब 20 रुपये का इजाफा हुआ है।

अब इसकी कीमत 200 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। रिफाइंड तेल 150-155 रुपये से बढ़कर 180 रुपये प्रति लीटर हो गया है। चीनी की कीमत 52 रुपये से बढ़कर 65 रुपये किलो हो गई है।

मसालों से लेकर डिटर्जेंट तक महंगे
रसोई में इस्तेमाल होने वाले मसालों की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गोटा जीरा 300 रुपये से बढ़कर 400 रुपये किलो बिक रहा है। गोटा जीरा, मिक्स मसाला और हल्दी की कीमतों में भी हल्की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, डिटर्जेंट पाउडर की कीमतों में भी तेजी आई है। अलग-अलग कंपनियों के डिटर्जेंट पाउडर के पैकेट पर करीब 10 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।

इसके अलावा चावल की 26 किलो वाली बोरी पर करीब 100 रुपये का इजाफा हुआ है। यानी प्रति किलो लगभग पांच रुपये की बढ़ोतरी हुई है। आटा और मैदा भी तीन रुपये प्रति किलो तक महंगे हुए हैं।

बचत करना भी हो जाएगा मुश्किल
अपर बाजार के राशन दुकानदार सन्नी वर्मा ने बताया कि खाद्य पदार्थों की कीमतों में इस तरह का उछाल पहले कभी नहीं देखा गया। महंगाई पर किसी का नियंत्रण नहीं है।

चुनाव के समय ही कीमतों को नियंत्रित करने की कोशिश होती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी होने लगती हैं। अगर समय रहते महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आम लोगों के लिए बचत करना भी मुश्किल हो जाएगा।

निगरानी समिति गठित करने की मांग
चुटिया के थोक राशन दुकानदार विरेंद्र सिन्हा उर्फ बाबू भाई ने कहा कि केंद्र सरकार को महंगाई पर नियंत्रण के लिए एक निगरानी समिति का गठन करना चाहिए। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण हर चीज लोगों के बजट से बाहर होती जा रही है।

सरकार को बाजार में खाद्य पदार्थों की कीमतों पर नजर रखनी चाहिए। अगर यही स्थिति बनी रही तो आम लोगों के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना मुश्किल हो जाएगा। पौष्टिक आहार भी आम आदमी की थाली से बाहर होता चला जाएगा।

महिलाओं की प्रतिक्रिया
    महंगाई के कारण घर का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। पहले जितने पैसों में पूरे महीने का राशन आ जाता था, अब उतने में आधा महीना भी चलाना मुश्किल हो रहा है। दाल, तेल और चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
    -नीलम शर्मा, हाउसवाइफ

    रसोई का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। बच्चों के खानपान में कटौती नहीं कर सकते, लेकिन दाल और तेल जैसी जरूरी चीजें भी महंगी हो गई हैं। अब हर सामान खरीदने से पहले कीमत देखनी पड़ती है। सरकार को राहत देनी चाहिए।
    -वीनीता कुमारी, हाउसवाइफ

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0