पंजाब यूनिवर्सिटी में बढ़ता अपराध: कैंपस में बाहरी बदमाशों का आतंक
चंडीगढ़.
पंजाब यूनिवर्सिटी में सुरक्षा घेरा ध्वस्त कर अपराधी बैखौफ वारदातों को अंजाम दे रहे है। इस पर लगाम लगाने में पुलिस विभाग समेत पीयू सिक्योरिटी पूरी तरह विफल दिखाई दे रही है। कैंपस में बीते वर्षों में हुई वारदातों से सबक लेते कुछ महीनों पहले 100 के करीब नए सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की गई थी, लेकिन हालात जस की तस बने हुए है। तीनों गेटों पर जांच होने के बाद भी अपराधी हथियार लेकर कैंपस में घुस रहे है। एंट्री गेटों पर आधे से अधिक लोगों की जांच नहीं की जा रही है।
छात्र नेता जश्न सिंह जवंदा पर फायरिंग
मंगलवार शाम चार हथियारबंद युवकों ने सोपू छात्र संगठन से जुड़े नेता जश्न सिंह जवंदा पर फायरिंग कर दी थी। यह घटना यूनिवर्सिटी के बॉटनी विभाग की पार्किंग में हुई, जहां जश्न सिंह जवंदा मौजूद था। हमलावर चोरी की एक्टिवा पर सवार होकर आए थे और उन्होंने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। जवंदा मंगलवार शाम पीयू परिसर में किसी कार्य से आया हुआ था और बॉटनी विभाग के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बैग लिए दो युवक उसके पास पहुंचे। एक युवक ने अचानक बैग से पिस्टल निकाली और जश्न सिंह पर फायर कर दिया। गोली चलते ही जश्न सिंह अपनी जान बचाने के लिए भागा। हमलावर ने उसका पीछा करते हुए एक और राउंड फायर किया। दोनों गोलियां उसे नहीं लगीं और वह सुरक्षित बच गया। घटना के समय हमलावरों के दो अन्य साथी पहले से स्टार्ट एक्टिवा पर इंतजार कर रहे थे। फायरिंग के तुरंत बाद चारों आरोपित उसी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार हो गए थे।
सिंगर मासूम शर्मा की स्टार नाइट में बवाल
इससे पहले बीते वर्ष 28 अप्रैल को हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा की स्टार नाइट में कुछ बाहरी लोगों ने कैंपस में घुसकर स्टूडेंट्स पर चाकू से हमला कर दिया था। पीजीआई में इलाज के दौरान आदित्य ठाकुर नाम के एक छात्र की मौत भी हो गई थी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान हुई चाकूबाजी से छात्र की हत्या के बाद पीयू का माहौल पूरी तरह गरमा गया था। इसके साथ बीते वर्ष ही हॉस्टल नंबर में सात में दो दोस्तों ने एक हिमाचल निवासी आउटसाइडर को चरस के धुएं से सीपीआर और कंबल से मुंह दबाकर मौत के घाट उतार दिया था।
यूनिवर्सिटी में बाहरी लोगों का प्रवेश जारी
इन सबके बावजूद बीती रात हॉस्टल नंबर 6 में दो आउटसाइडर छिपकर बैठे हुए थे, जिनको निकालने के लिए पुलिस को हॉस्टल में आना पड़ा। कैंपस में बाहरी लोगों की बढ़ती आवाजाही के कारण कई अप्रिय घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पीयू प्रशासन की ओर से सुरक्षा के दावे तो बड़े-बड़े किए जाते हैं, लेकिन हकीकत यह है कि हास्टल में बिना किसी रोक-टोक के बाहरी लोग आते-जाते रहे हैं, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0