झंडेवाला देवी मंदिर में चौथे दिन माँ कुष्मांडा की भव्य पूजा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम

Mar 22, 2026 - 16:59
 0  8
झंडेवाला देवी मंदिर में चौथे दिन माँ कुष्मांडा की भव्य पूजा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के विशेष इंतजाम

नई दिल्ली, 22 मार्च 2026: राजधानी के प्राचीन शक्तिपीठ झंडेवाला देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र के चौथे दिन रविवार को माँ भगवती के चतुर्थ स्वरूप माँ कुष्मांडा की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुई। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। मान्यता है कि माँ कुष्मांडा अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे परिसर में 290 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। मंदिर के कंट्रोल रूम से सुरक्षा विभाग के सेवादार और पुलिसकर्मी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
भक्तों की सुविधा के लिए मंदिर के यूट्यूब चैनल, फेसबुक, वेबसाइट और मोबाइल एप के जरिए प्रतिदिन सुबह 4 बजे से रात 12 बजे तक सभी धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है, जिससे दूर-दराज के श्रद्धालु भी मां के दर्शन कर सकें।


सामाजिक सेवा के तहत मंदिर द्वारा दिल्ली के विभिन्न जिलों की सेवा बस्तियों से आई सैकड़ों कन्याओं के लिए दर्शन, भंडारा और प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर के मेहंदी केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहीं कन्याएं सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक श्रद्धालु महिलाओं को मेहंदी लगा रही हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क चाय और शर्बत की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा मदर डेयरी और अमूल डेयरी के स्टॉल भक्तों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं, जहां उत्पादों पर विशेष छूट दी जा रही है।
धार्मिक माहौल को और भक्तिमय बनाने के लिए कई प्रसिद्ध गायकों द्वारा मां का गुणगान भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, नवरात्र के पांचवें दिन माँ स्कंदमाता की पूजा और विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0