यूएस ओपन 2026 में सबालेंका और सिनर होंगे शीर्ष वरीय खिलाड़ी

Jul 23, 2026 - 10:14
 0  9
यूएस ओपन 2026 में सबालेंका और सिनर होंगे शीर्ष वरीय खिलाड़ी

न्यूयार्क
दो बार की मौजूदा यूएस ओपन चैंपियन एरिना सबालेंका और हाल ही में विंबलडन जीतने वाले जानिक सिनर अगले महीने शुरू होने वाले साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन में शीर्ष वरीय खिलाड़ियों के रूप में उतरेंगे। टूर्नामेंट का मुख्य ड्रॉ की शुरुआत 30 अगस्त से होगी।

यूएस टेनिस एसोसिएशन (यूएसटीए) ने मंगलवार को टूर्नामेंट की डायरेक्ट एंट्री सूची जारी की। 20 जुलाई की डब्ल्यूटीए और एटीपी रैंकिंग के आधार पर महिलाओं में विश्व रैंकिंग 102 तक और पुरुषों में 101 तक के खिलाड़ियों को सीधे मुख्य ड्रॉ में जगह मिली है। विश्व नंबर एक सबालेंका फ्लशिंग मीडोज में लगातार तीसरा यूएस ओपन खिताब जीतने के इरादे से उतरेंगी। यदि वह ऐसा करने में सफल रहती हैं तो 2012 से 2014 के बीच सेरेना विलियम्स के बाद लगातार तीन यूएस ओपन जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन जाएंगी।


पुरुष वर्ग में विश्व नंबर एक जानिक सिनर अपने खिताब को दोबारा हासिल करने की कोशिश करेंगे। 2024 के चैंपियन सिनर को पिछले साल के फाइनल में कार्लोस अलकराज ने हराकर खिताब अपने नाम किया था। सिनर हाल ही में विंबलडन के फाइनल में फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव को हराकर अपना पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके हैं।

कलाई की चोट के कारण पिछले दो ग्रैंड स्लैम नहीं खेल पाए कार्लोस अलकराज ने भी यूएस ओपन के लिए एंट्री ली है। वह विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं और उत्तर अमेरिकी हार्ड कोर्ट सत्र के दौरान वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। मेजबान अमेरिका के सबसे अधिक 14 पुरुष और 14 महिला खिलाड़ियों को सीधे मुख्य ड्रॉ में प्रवेश मिला है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0