JPSC-JSSC छात्रों के 20 अगस्त घेराव से पहले रांची में सुरक्षा बढ़ी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

Aug 16, 2026 - 16:44
 0  8
JPSC-JSSC छात्रों के 20 अगस्त घेराव से पहले रांची में सुरक्षा बढ़ी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

रांची
JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के 20 अगस्त को प्रस्तावित आवास घेराव को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

एसएसपी राकेश रंजन ने थाना प्रभारियों और पुलिस लाइन में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा। बैठक में मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ाने के साथ ही शहर में अतिरिक्त बल की तैनाती और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए।

पुलिस की ओर से मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा पहले ही बढ़ा दी गई है। वहीं सभी थाना प्रभारियों और डीएसपी को अपने-अपने क्षेत्र में तैनात रहकर स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

19 अगस्त की शाम से प्रमुख चौक पर तैनात होगी अतिरिक्त फोर्स
20 अगस्त को छात्रों के प्रस्तावित घेराव को देखते हुए 19 अगसेत की शाम से ही रांची के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त बल की तैनाती शुरू कर दी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य किसी भी स्थिति में शहर की कानून-व्यवस्था को प्रभावित होने से रोकना है। इसके साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाने और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने की तैयारी की जा रही है।

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी तैयार
मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों के रांची पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को भी विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया गया है।

ट्रैफिक एसपी को मुख्यमंत्री आवास घेराव से पहले शहर में ऐसे स्थान चिह्नित करने को कहा गया है, जहां जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग की जा सके। पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शन के कारण आम लोगों को यातायात संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य बनी रहे।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया है कि प्रदर्शनकारी छात्रों को संवेदनशील स्थानों पर पहुंचने से पहले ही निर्धारित स्थानों पर रोकने की व्यवस्था की जाए। इसके लिए प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर सुरक्षा बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की तैयारी की जा रही है।

दरअसल, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच टकराव के बाद अब 20 अगस्त के मुख्यमंत्री आवास घेराव को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। इस बार पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े और आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित न हो।

छात्रों ने JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं से जुड़े विवाद को लेकर 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास घेराव का एलान किया है। ऐसे में अब 20 अगस्त से पहले रांची में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस का पूरा फोकस मुख्यमंत्री आवास और उससे जुड़े प्रमुख मार्गों पर रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0