हरियाणा में जल्द गर्मी देगी दस्तक, उत्तरी हवाओं की वजह से बदला मौसम

Feb 24, 2026 - 12:14
 0  6
हरियाणा में जल्द गर्मी देगी दस्तक, उत्तरी हवाओं की वजह से बदला मौसम

चंडीगढ़.

हरियाणा में अब मौसम का मिजाज बदलने लगा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है और मार्च के पहले सप्ताह में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बीती रात औसत न्यूनतम तापमान में कोई खास बदल नहीं हुआ है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तरी हवाओं के प्रभाव से रात्रि तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा। अंबाला और जींद (पांडु पिंडारा) जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि हिसार, सिरसा और भिवानी में पारा थोड़ा नीचे गया है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 फरवरी तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा, लेकिन फरवरी के अंतिम दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में तेज उछाल देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के विश्लेषण के अनुसार, मार्च की शुरुआत अपेक्षाकृत गर्म रहने के आसार हैं। दिन का तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 16 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज किया जा सकता है। इसका अर्थ है कि इस बार मार्च की शुरुआत ही गर्मी के एहसास के साथ होगी। वर्तमान में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। गुरुग्राम में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। दोपहर के समय गर्मी का असर ज्यादा महसूस हो सकता है। कुल मिलाकर हरियाणा में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी का रुख जारी रहेगा

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0