CG में शिक्षक पर धर्मांतरण का आरोप, VHP-बजरंग दल ने कलेक्टर-SP को सौंपा ज्ञापन

Nov 23, 2026 - 15:14
 0  11
CG में शिक्षक पर धर्मांतरण का आरोप, VHP-बजरंग दल ने कलेक्टर-SP को सौंपा ज्ञापन

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही.

जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के ग्राम बहरी झोरकी में कथित अवैध धर्मांतरण से जुड़ा मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

​क्या है मामला?
​ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम बहरी झोरकी में शासकीय शिक्षक कृष्णा लाल लकड़ा और उनसे जुड़े अन्य व्यक्तियों द्वारा कथित तौर पर अवैध धर्मांतरण कराए जाने की शिकायतें और जानकारियां सामने आई हैं। इस प्रकरण को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और हिंदू समाज के लोगों में चिंता और असंतोष व्याप्त है।​

संगठन की प्रमुख मांगें
​विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी हैं। शासकीय शिक्षक कृष्णा लाल लकड़ा की भूमिका की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ उनके परिवार की भी जांच की जाए। कथित धर्मांतरण के आरोपी के तौर पर ​ग्राम बहरी झोरकी निवासी ध्यान सिंह केरकेट्टा, नितेश केरकेट्टा, विजय केरकेट्टा और बिटकू लाल की कथित भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए। ​संबंधित व्यक्तियों के आय के स्रोत, आय-व्यय और संपत्ति की जांच सक्षम विभाग से कराई जाए, ताकि संदिग्ध आर्थिक गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई हो सके। ​

संबंधित व्यक्तियों के जाति प्रमाण पत्रों की वैधता और जारी होने की प्रक्रिया की जांच राजस्व अधिकारी से कराई जाए। अनियमितता पाए जाने पर प्रमाण पत्र निरस्त कर कानूनी कार्रवाई की जाए। ​ग्राम बहरी झोरकी में कथित अवैध धर्मांतरण से जुड़ी शिकायतों और साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच हो। दोष प्रमाणित होने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। ​मामले की निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों की संयुक्त जांच टीम गठित की जाए और जांच की प्रगति से शिकायतकर्ताओं को अवगत कराया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0