आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों के कर्मियों को दिया जाएगा तकनीकी प्रशिक्षण, मरीजों को होगी सुविधा

Oct 4, 2026 - 14:14
 0  7
आयुष्मान योजना से जुड़े अस्पतालों के कर्मियों को दिया जाएगा तकनीकी प्रशिक्षण, मरीजों को होगी सुविधा

लखनऊ,
आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) के आठ वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर बुधवार को लखनऊ में राज्य स्तरीय वार्षिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं। समारोह में आयुष्मान भारत और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश में और मजबूत बनाने पर जोर दिया जाएगा।

डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को एबीडीएम से जोड़ने वाले अस्पतालों को किया जाएगा सम्मानित
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा ने बताया कि समारोह के पहले सत्र में एबी-पीएमजेएवाई और एबीडीएम के प्रभावी क्रियान्वयन में बेहतर काम करने वाले जनपदों, अधिकारियों, कर्मचारियों, फील्ड लेवल वर्कर्स, ऑपरेटर्स और अस्पतालों को सम्मानित किया जाएगा। आयुष्मान कार्ड बनाने, अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने, कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देने में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान दिया जाएगा। इसके अलावा डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड को एबीडीएम से जोड़ने और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने वाले अस्पतालों और कार्मिकों को भी सम्मानित किया जाएगा। इससे योजना से जुड़े लोगों और अस्पतालों को बेहतर काम करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

योजना से जुड़े अस्पतालों के कर्मियों को दिया जाएगा तकनीकी प्रशिक्षण
स्वास्थ्य सचिव रितु माहेश्वरी ने बताया कि समारोह के दूसरे सत्र में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों के लिए विशेष तकनीकी प्रशिक्षण और हैंड-होल्डिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें अस्पतालों को इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (ईएचआर) तैयार करने और उसे आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पीएमजेएवाई के तहत जुड़े अस्पतालों के लिए ईएचआर तैयार करना और उसे एबीडीएम से लिंक करना जरूरी है। प्रदेश में बड़ी संख्या में अस्पताल पहले ही एबीडीएम से जुड़ चुके हैं। हालांकि, कई अस्पतालों में ईएचआर तैयार करने और उसे डिजिटल मिशन से जोड़ने की प्रक्रिया को और मजबूत करने की जरूरत है। तकनीकी सत्र में अस्पतालों को ईएचआर जनरेशन, एबीडीएम इंटीग्रेशन और इससे जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य अस्पतालों को निर्धारित मानकों का पालन करने में मदद करना है, ताकि पात्र अस्पताल गुणवत्ता आधारित प्रोत्साहन का लाभ भी प्राप्त कर सकें।

डिजिटल हेल्थ सेवाओं को बढ़ावा दे रही योगी सरकार
योगी सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित बनाने पर लगातार जोर दे रही है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र लोगों को कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटल विस्तार पर भी ध्यान दिया जा रहा है। योगी सरकार का प्रयास है कि आयुष्मान योजना के तहत उपचार की सुविधा बढ़ाने के साथ अस्पतालों में डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा मिले। इसके लिए अस्पतालों को ऑनलाइन प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और नियमित हैंड होल्डिंग उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में भी अस्पतालों को इस संबंध में लगातार सहयोग दिया जाएगा, ताकि प्रदेश में आयुष्मान भारत और डिजिटल हेल्थ सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0