कार्तिक महीने में तुलसी पूजा का खास महत्व, रोज दीपक जलाने से घर में आएगी सुख-समृद्धि!

Nov 2, 2026 - 07:14
 0  7
कार्तिक महीने में तुलसी पूजा का खास महत्व, रोज दीपक जलाने से घर में आएगी सुख-समृद्धि!

 Kartik Month Tulsi Puja: हिंदू धर्म में कार्तिक महीने को बहुत शुभ और पवित्र माना जाता है. इस महीने भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है. साथ ही तुलसी की पूजा का भी खास महत्व है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तुलसी भगवान विष्णु को बहुत प्रिय हैं. इसलिए कार्तिक महीने में तुलसी के पौधे की पूजा करना, उसके पास दीपक जलाना और परिक्रमा करना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि बनी रहती है. ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र पांडे के अनुसार, कार्तिक महीने में तुलसी का पौधा लगाना और रोज उसकी पूजा करना विशेष फलदायी माना जाता है. आइए जानते हैं कि तुलसी का धार्मिक महत्व क्या है और कार्तिक महीने में इसकी पूजा कैसे करनी चाहिए.

तुलसी का भगवान विष्णु से क्या है संबंध?
हिंदू धर्म में प्रकृति को भी भगवान का रूप मानकर पूजा जाता है. नदियों, पहाड़ों और पेड़-पौधों को देवी-देवताओं से जोड़कर देखा जाता है. इसी वजह से तुलसी के पौधे को भी बहुत पवित्र माना गया है और उसे देवी का स्थान दिया गया है. तुलसी में कई औषधीय गुण भी पाए जाते हैं. पौराणिक कथा के अनुसार, तुलसी और भगवान विष्णु का संबंध एक शाप और वरदान से जुड़ा है. इसी कथा से भगवान विष्णु के शालिग्राम रूप की पूजा की परंपरा भी जुड़ी हुई है. यही वजह है कि शालिग्राम की पूजा में तुलसी के पत्ते चढ़ाना जरूरी माना जाता है. भगवान विष्णु के साथ-साथ श्रीराम और श्रीकृष्ण की पूजा में भी तुलसी दल का विशेष महत्व है.

कार्तिक महीने में तुलसी का पौधा लगाना क्यों शुभ है?
ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र पांडे के अनुसार, घर में तुलसी का पौधा गुरुवार के दिन लगाना शुभ माना जाता है. खासतौर पर कार्तिक महीने में तुलसी लगाने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि इस महीने तुलसी की रोज पूजा करने और तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है. इससे भगवान विष्णु की कृपा भी बनी रहती है. घर में तुलसी का पौधा ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां सुबह की धूप और ताजी हवा पहुंच सके. आप इसे आंगन में रख सकते हैं. अगर फ्लैट में रहते हैं तो बालकनी में भी तुलसी का पौधा लगा सकते हैं.

कार्तिक महीने में कैसे करें तुलसी की पूजा?
कार्तिक महीने में रोज सुबह स्नान करने के बाद तुलसी के पौधे में जल चढ़ाएं. इसके बाद हाथ जोड़कर प्रार्थना करें, पौधे की परिक्रमा करें. शाम के समय तुलसी के पास घी का दीपक जलाना भी शुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक महीने में तुलसी के नीचे दीपक जलाकर पूजा करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है.

तुलसी पूजा के दौरान इन नियमों का रखें ध्यान
तुलसी की पूजा करते समय कुछ जरूरी नियमों का ध्यान रखना चाहिए. ज्योतिषाचार्य शैलेंद्र पांडे के अनुसार, तुलसी के पत्ते हमेशा सुबह ही तोड़ने चाहिए. दिन के बाकी समय पत्ते तोड़ने से बचना चाहिए. भगवान विष्णु, श्रीराम और श्रीकृष्ण को तुलसी दल चढ़ाना शुभ माना जाता है, लेकिन भगवान गणेश और माता दुर्गा को तुलसी के पत्ते नहीं चढ़ाने चाहिए.

तुलसी के पत्ते पहले से तोड़कर रखे हों तो उन्हें पूजा में इस्तेमाल कर सकते हैं, क्योंकि ये जल्दी बासी नहीं होते. इसके अलावा तुलसी के पौधे के आसपास सफाई रखें. शाम के समय उसके पास घी का दीपक जलाएं. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक महीने में नियमित रूप से तुलसी की पूजा करने से घर में सुख-शांति और सकारात्मकता बनी रहती है.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0