पंजाब में वंदे भारत ट्रेन रोकी गई, ट्रैक पर बैठे लोग; बढ़ा तनाव

Dec 9, 2025 - 15:14
 0  6
पंजाब में वंदे भारत ट्रेन रोकी गई, ट्रैक पर बैठे लोग; बढ़ा तनाव

बठिंडा
बठिंडा के नजदीक गोनियाना रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को पैसेंजर ट्रेनों के यात्रियों के विरोध का सामना करना पड़ा। वंदे भारत की वजह से पैसेंजर ट्रेन लेट होने से भड़के यात्रियों ने उस पटरी पर धरना लगा दिया जिस पर वंदे भारत आने वाली थी। इस स्थिति को देखते हुए वंदे भारत को गोनियाना से कुछ पीछे ही रोक दिया गया। गाड़ी रुकने की सूचना मिलने पर बठिंडा व कोटकपूरा से आर.पी.एफ. पुलिस बल हरकत में आए व उन्होंने मौके पर पहुंचकर लोगों को रेलवे लाइनों से हटाया। इसके बाद पहले पैसेंजर गाड़ी को रवाना किया गया जबकि उसके बाद करीब 17 मिनट की देरी से वंदे भारत को रवाना किया गया। 

पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों ने बताया कि वह लोग दूर-दराज से अपने कामों के लिए हर रोज बठिंडा आते हैं लेकिन वंदे भारत तथा पैसेंजर की टाइमिंग एक ही होने के कारण पैसेंजर गाड़ी को रोक दिया जाता है। वंदे भारत के गुजरने के बाद उनकी गाड़ी को रवाना किया जाता है। इस कारण वह लोग अपने कामों पर समय से नहीं पहुंच पाते व हर रोज लेट हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि आज भी वंदे भारत को रास्ता देने के लिए पैसेंजर रोकी गई जिससे यात्री भड़क गए। उन्होंने रेलवे लाइन पर रोष प्रदर्शन किया जिस कारण वंदे भारत को रोकना पड़ा। आर.पी.एफ. के अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों ने रेलवे लाइनों पर प्रदर्शन करके वंदे भारत को रोका है उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि वायरल हुए वीडियो में से लोगों की पहचान की जा रही है जिनके खिलाफ जी.आर.पी. द्वारा केस दर्ज किया जाएगा। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0