DPL 2025: नीतीश राणा के 15 छक्कों से गूंजा स्टेडियम, वेस्ट दिल्ली लायंस ने क्वालिफायर-2 में बनाई जगह

Sep 1, 2025 - 12:44
Sep 1, 2025 - 12:45
 0  2
DPL 2025: नीतीश राणा के 15 छक्कों से गूंजा स्टेडियम, वेस्ट दिल्ली लायंस ने क्वालिफायर-2 में बनाई जगह

नई दिल्ली,  दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को 7 विकेट से मात देकर दूसरे क्वालिफायर में एंट्री कर ली। अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच में नीतीश राणा ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों पर शतक जमाया और 55 गेंदों पर नाबाद 134 रन ठोक दिए। इस दौरान उनके बल्ले से 8 चौके और 15 छक्के निकले।

राणा बने जीत के हीरो

लायंस की शुरुआत लड़खड़ाने के बाद टीम पर दबाव था, लेकिन राणा ने पहले क्रिश यादव के साथ 97 रन की साझेदारी की और फिर मयंक गुसैन के साथ मिलकर पारी को अंजाम तक पहुंचाया। चौथे विकेट के लिए 42 गेंदों पर 84 रन की पार्टनरशिप हुई, जिसमें मयंक का योगदान सिर्फ 15 रन रहा, जबकि बाकी रन राणा ने आतिशी अंदाज में बनाए।

गेंदबाजों पर टूटा राणा का कहर

साउथ दिल्ली के गेंदबाज नीतीश की धुआंधार बैटिंग के आगे बेबस नजर आए। आईपीएल 2025 से चर्चित हुए दिग्वेश राठी ने दो ओवर में 39 रन लुटाए, वहीं हिमांशु चौहान ने तीन ओवर में 42 रन दे डाले। अमन भाटी ने भी 12 की इकोनॉमी से 4 ओवर में 48 रन खर्च किए।

साउथ दिल्ली के बल्लेबाजों का संघर्ष

इससे पहले साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने कप्तान तेजस्वी दहिया (33 गेंद पर 60 रन, 6 छक्के) और सलामी बल्लेबाज अनमोल शर्मा (39 गेंद पर 55 रन) की पारियों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 201 रन बनाए। अंतिम ओवरों में सुमित माथुर ने 26 गेंदों पर नाबाद 48 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लेकिन नीतीश राणा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने इस लक्ष्य को बौना साबित कर दिया और 17 गेंद शेष रहते ही वेस्ट दिल्ली ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0