सोनपुर मेले में बनेगा 8 हजार वर्गफीट का ग्रामश्री मंडप, जीविका दीदियों के उत्पाद होंगे खास आकर्षण

Oct 22, 2026 - 15:14
 0  7
सोनपुर मेले में बनेगा 8 हजार वर्गफीट का ग्रामश्री मंडप, जीविका दीदियों के उत्पाद होंगे खास आकर्षण

छपरा
विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला (Sonepur Mela Bihar 2026) इस वर्ष ग्रामीण शिल्पकारों और जीविका दीदियों की प्रतिभा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

22 नवंबर से 23 दिसंबर तक आयोजित होने वाले मेले में ग्रामीण उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए आठ हजार वर्गफीट क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त वाटरप्रूफ ग्रामश्री मंडप बनाया जाएगा।

यहां ग्रामीण महिलाओं के हस्तनिर्मित उत्पादों, पारंपरिक कला और कुटीर उद्योगों को प्रदर्शित करने के साथ उनकी बिक्री की भी व्यवस्था होगी।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर प्रशासन व्यापक तैयारियां कर रहा है।

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की ओर से तैयार किए जा रहे ग्रामश्री मंडप में लकड़ी की फ्लोरिंग पर कालीन और डोरमैट बिछाए जाएंगे।

यहां रैक सहित 32 आधुनिक स्टॉल और 10 पैनल आधारित स्टॉल बनाए जाएंगे। पर्याप्त रोशनी के लिए एलईडी, ट्यूबलाइट, हैलोजन और आकर्षक झूमर लगाए जाएंगे।

मंडप में एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और आगंतुकों के बैठने के लिए भी व्यवस्था रहेगी। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में 20 केवीए का साइलेंट जनरेटर उपयोग में लाया जाएगा। सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

हस्तशिल्प, जैविक उत्पाद और घरेलू सामान होंगे आकर्षण
ग्रामश्री मंडप में जीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प, हथकरघा वस्त्र, पारंपरिक कलाकृतियां, जैविक खाद्य सामग्री, मसाले, पापड़, अचार, अगरबत्ती तथा बांस और जूट से बने सजावटी सामान प्रदर्शित किए जाएंगे।

इससे ग्रामीण महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिलेगा। सारण जिले के सभी प्रखंडों के जीविका समूहों को मंडप में जगह दी जाएगी। साथ ही दूसरे जिलों के चुनिंदा समूह भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करेंगे।

मंडप में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना और जल-जीवन-हरियाली अभियान से संबंधित आकर्षक मॉडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

प्रवेश द्वार को कलात्मक फेशिया और आदमकद मूर्तियों से सजाया जाएगा। महिला उद्यमियों की सुविधा के लिए स्नानागार, चेंजिंग रूम और शौचालय युक्त विशिष्ट कक्षों की व्यवस्था भी होगी।

जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक अरुण कुमार ने बताया कि ग्रामश्री मंडप जीविका समूहों को अपने उत्पादों के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध कराता है। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपनी आजीविका मजबूत करने और उद्यमिता को आगे बढ़ाने में मदद मिलती है।

प्रशासन का प्रयास है कि बेहतर सुविधाओं और आकर्षक सज्जा के साथ ग्रामश्री मंडप मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0