हरियाणा में ₹399 करोड़ के विकास कार्य मंजूर, हिसार समेत 7 शहरों की बदलेगी सूरत

Oct 22, 2026 - 14:44
 0  7
हरियाणा में ₹399 करोड़ के विकास कार्य मंजूर, हिसार समेत 7 शहरों की बदलेगी सूरत

चंडीगढ़
 हरियाणा सरकार ने प्रदेश में पेयजल, सीवर व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समितियों की बैठक में जनस्वास्थ्य विभाग के 13 कार्यों को 419.34 करोड़ रुपये की बजाय 399.85 करोड़ रुपये में कराने की स्वीकृति दी गई। इससे 19.49 करोड़ रुपये की बचत होगी।

इन कार्यों में सीवर लाइनों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था में सुधार और नए जल एवं मल शोधन संयंत्रों का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलघर, जल आपूर्ति केंद्र और पाइपलाइन विकसित की जा रही हैं।

जलघरों और जल आपूर्ति केंद्रों के तल को पक्का करने के लिए प्रबलित सीमेंट कंक्रीट का इस्तेमाल किया जाएगा, ताकि पानी का रिसाव रोका जा सके। बैठक में पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने भी भागीदारी की।

    बैठक में रोहतक में सीवर व्यवस्था सुधारने के लिए गांधी नगर से मुख्य झज्जर रोड तक 15.90 करोड़ रुपये और अन्य खराब सीवर लाइनों के सुधार पर 17.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
    सिंहपुरा में 16 करोड़ तथा सुखपुरा चौक पर 15 करोड़ रुपये से सीवर लाइनें दुरुस्त की जाएंगी।
    अंबाला जिले के शहजादपुर में 48 करोड़ रुपये से सीवर लाइन और तीन एमएलडी क्षमता का मल शोधन संयंत्र बनेगा।
    जगाधरी में 24 करोड़ रुपये से सीवर व्यवस्था सुधरेगी।
    हिसार में 33.95 करोड़ रुपये से 10 एमएलडी क्षमता का मल शोधन संयंत्र और पंपिंग केंद्र बनाया जाएगा।
    गुरुग्राम के चंदू बुढेड़ा स्थित जलघर में 49.50 करोड़ रुपये से प्रतिदिन 100 एमएलडी पानी साफ करने वाला स्वचालित संयंत्र और साफ पानी का भंडारण केंद्र बनेगा।
    पंचकूला में जनस्वास्थ्य विभाग का नया भवन 58.50 करोड़ रुपये से बनाया जाएगा।

अन्य परियोजनाएं भी मंजूर
    लोकायुक्त भवन: पंचकूला में 18.40 करोड़ रुपये से निर्माण।
    स्वास्थ्य: अंबाला में 22.80 करोड़ रुपये से टीबी अस्पताल।
    शिक्षा: जींद की सीआरएसयू में 54.50 करोड़ से शैक्षणिक भवन और मीरपुर विवि में 14.50 करोड़ से अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए 224 बिस्तरों का छात्रावास।
    खेल: चरखी दादरी के पिचोपा में 11.60 करोड़ से कृत्रिम दौड़ वाला स्टेडियम।
    सम्मेलन केंद्र: सोहना के औद्योगिक क्षेत्र में 51 करोड़ से सभागार, दुकानें, 50 कमरों का होटल और पार्किंग।
    सड़कें: गुरुग्राम-पटौदी रोड को गडोली होते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले मार्ग को 30.85 करोड़ रुपये से मजबूत किया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग 709 के शेष कार्य भी पूरे होंगे।
    जल निकासी: पंचकूला में दो वर्षा जल निकासी नालों के निर्माण पर 34.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
    भंडारण: चीका, ढंडूर, हांसी और जुलाना में अन्न भंडारण गोदाम बनेंगे।
    पंचकूला में 58.50 करोड़ रुपये से होगा जनस्वास्थ्य विभाग के नए भवन का निर्माण।
    पंचकूला में लोकायुक्त भवन के अलावा सोहना में सम्मेलन केंद्र और दादरी में स्टेडियम बनेगा

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0