गोरखपुर की ड्रोन दीदी ने बदली खेती की तस्वीर, हर महीने कमा रहीं 25 हजार रुपये

Nov 12, 2026 - 13:44
 0  7
गोरखपुर की ड्रोन दीदी ने बदली खेती की तस्वीर, हर महीने कमा रहीं 25 हजार रुपये

 गोरखपुर
 पिपरौली की ममता सिंह अन्नदाताओं को न सिर्फ निरोगी बना रही हैं वरन उनकी समृद्धि की भी राह खोल रही हैं। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर काम करने वाली खरैला गांव की ममता सिंह ड्रोन की सहायता से खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रही हैं।

ड्रोन दीदी के नाम से पहचान बनने वाली ममता सिंह ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ममता सिंह के कार्यों की सराहना कर चुके हैं।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत ममता सिंह को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। वर्तमान में ममता एक दिन में 15 से 20 एकड़ खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर देती हैं।

इस सीजन में अब तक वह 120 हेक्टेयर से अधिक खेत में छिड़काव कर चुकी हैं। पूरे सीजन में 200 हेक्टेयर खेत में छिड़काव का लक्ष्य लेकर चल रही हैं।

प्रति एकड़ चार से पांच सौ लेती हैं
ममता सिंह कीटनाशन छिड़काव के लिए किसानों से प्रति एकड़ चार सौ से पांच सौ रुपये लेती हैं। उनकी महीने की कमाई 20 से 25 हजार रुपये तक हो रही है। फसल पर कीटनाशक, नैनो यूरिया और नैनो डीएपी का छिड़काव करती हैं।

ड्रोन से छिड़काव के कई फायदे
ममता बताती हैं कि ड्रोन से छिड़काव करने में समय के साथ ही 60 प्रतिशत तक दवा और 90 प्रतिशत तक पानी की बचत होती है। ड्रोन से दवा का छिड़काव पौधों के पत्तों तक सीधे और समान रूप से पहुंचता है। इससे किसानों की लागत 25 से 30 प्रतिशत तक कम हुई है और पैदावार में 15 से 20 प्रतिशत तक का इजाफा देखने को मिला है।

रोगों से मिल रही मुक्ति
ममता कहती हैं कि पहले खेत में कीटनाशक का छिड़काव किसानों को खुद करना पड़ता था। इस दौरान दवा के संपर्क में आने और सांस के जरिये शरीर में जाने का खतरा रहता था। अब ड्रोन से खेत से दूरी बनाकर छिड़काव होता है। इससे स्वास्थ्य जोखिम कम होता है। यही वजह है कि गांव के किसान उन्हें अब सिर्फ ड्रोन चलाने वाली महिला नहीं, बल्कि अपनी खेती की मददगार ''''ड्रोन दीदी'''' के तौर पर देखते हैं।

जागरूक भी करती हैं
जब छिड़काव का काम नहीं रहता है तब ममता आजीविका सखी के रूप में काम करती हैं। वह स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बैंक लिंकेज, सरकारी योजनाओं और बचत-ऋण के बारे में जागरूक करती हैं। इससे उन्हें अतिरिक्त आठ से 10 हजार रुपये की आमदनी हो जाती है।

महिलाओं को दे रही हैं प्रशिक्षण
ममता ने अब तक पिपरौली ब्लाक की पांच महिलाओं को ड्रोन चलाने और उसकी देखरेख का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया है। उनमें से दो महिलाएं - खरैला की सुनीता और मल्हीपुर की रीना अब सहायक के तौर पर उनके साथ खेतों में जा रही हैं और आने वाले समय में स्वतंत्र रूप से ड्रोन उड़ाने के लिए तैयार हो रही हैं।

ड्रोन दीदी की मदद से बढ़ रही उपज
देईपार गांव के किसान भैयाराम सिंह कहते हैं, पहले दो मजदूर एक एकड़ में पूरे दिन दवा छिड़कते थे। इसमें एक हजार रुपये खर्च आता था। दीदी ने ड्रोन से आधे घंटे में इसे सिर्फ 450 रुपये में कर दिया। खर्च आधा हो गया और फसल में चमक भी ज्यादा है। बांसपार के किसान विनोद पांडेय बताते हैं, गेहूं की फसल पर ड्रोन से नैनो यूरिया का छिड़काव कराया। पहले की तुलना में उपज डेढ़ क्विंटल प्रति एकड़ ज्यादा हुई। समय भी बचा है।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0