लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में, भारत लाने की तैयारी

Nov 7, 2026 - 12:44
 0  8
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गैंगस्टर हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में, भारत लाने की तैयारी

जयपुर 
कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर आखिरकार सुरक्षा एजेंसियों के हत्थे चढ़ गया है। खबर है कि गैंगस्टर हैरी को अमरीका से डीटेन किया गया है। कई आपराधिक मामलों में वांछित हैरी बॉक्सर की तलाश सुरक्षा एजेंसियों सरगर्मी से कर रही थीं और लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। कई प्रयासों के बाद हैरी हत्थे चढ़ गया है। अब उसे डिपोर्ट करके भारत लाए जाने की बात भी सामने आ रही है।

बता दें कि गैंगस्टर हैरी बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे सक्रीय गैंगस्टर है, जो अमरीका में बैठकर इस गैंग और उसके नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है। जानकारी के अनुसार हरियाणा एसटीएफ और भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के आधार पर हुई इस कार्रवाई के बाद जल्द ही उसे भारत प्रत्यर्पित कराने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

क्या है गैंगस्टर हैरी बॉक्सर का राजस्थान कनेक्शन ?
हैरी बॉक्सर का राजस्थान से भी गहरा नाता रहा है। ये कहें कि उसका जन्म, उसकी परवरिश और अपराध की दुनिया में कदम रखने की पूरी कहानी ही राजस्थान से जुड़ी हुई है, तो गलत नहीं होगा।

बता दें कि हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिश्चंद्र जाट है। वो मूल रूप से राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र का रहने वाला है। उसके पिता गिरधारी जाट बानसूर क्षेत्र के एक साधारण किसान हैं।

अपराध की दुनिया में कदम रखने से पहले हरिश्चंद्र गांव में एक सामान्य जीवन जी रहा था और उसका सपना देश या राज्य की सेवा करना था।

कैसे पड़ा 'हैरी बॉक्सर' नाम?
हैरी बॉक्सर की अगर कुंडली खंगालें तो पता चलता है कि वो (हरिश्चंद्र जाट) शुरुआत में भारतीय सेना या राजस्थान पुलिस में भर्ती होने का सपना देखता था। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के सिलसिले में वो राजस्थान की राजधानी जयपुर आया। जयपुर में रहकर उसने बॉक्सिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली और बाद में युवाओं को कोचिंग भी देने लगा।

जयपुर में बॉक्सिंग रिंग से जुड़ाव और बतौर कोच काम करने की वजह से दोस्तों के बीच और सोशल मीडिया के साथ ही अपराध जगत में भी 'हैरी बॉक्सर' पड़ गया।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव, राजस्थान में 10 से अधिक मुकदमे
जयपुर में रहने के दौरान ही हैरी बॉक्सर की मुलाकात गलत संगत के लोगों से हुई, जिसके माध्यम से वह कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों के संपर्क में आ गया। धीरे-धीरे उसने रंगदारी और अपराध के रास्ते को चुन लिया। उसके खिलाफ राजस्थान के जयपुर, अलवर, सीकर, धौलपुर और करौली जिलों में संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, लूट, मारपीट, रंगदारी न देने पर फायरिंग और हत्या के प्रयास जैसे 10 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0