फाइनल जीतने के बाद भी पाकिस्तान पर ICC का एक्शन, मैच फीस का 5% लगा जुर्माना

Nov 2, 2026 - 11:44
 0  9
फाइनल जीतने के बाद भी पाकिस्तान पर ICC का एक्शन, मैच फीस का 5% लगा जुर्माना

नई दिल्ली
पाकिस्तानी टीम ने 31 अक्टूबर (शनिवार) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में श्रीलंका को तीन विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था. हालांकि शानदार जीत के बाद भी पाकिस्तानी टीम को ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है.

फाइनल मुकाबले में धीमी ओवर गति के कारण पाकिस्तानी टीम पर मैच फीस का पांच फीसदी जुर्माना लगाया गया है. एमिरेट्स ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो ने समय में मिलने वाली छूट को ध्यान में रखने के बाद पाकिस्तानी टीम को निर्धारित समय से एक ओवर पीछे पाया.

क्या कहता है ICC का नियम?
आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में कम फेंके गए प्रत्येक ओवर के लिए मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है. चूंकि पाकिस्तानी टीम ने एक ओवर कम फेंका था, इसी कारण उस पर 5 फीसदी जुर्माना लगा.

मैदानी अंपायर्स अहसान रजा और वेन नाइट्स के साथ तीसरे अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद और चौथे अंपायर राशिद रियाज ने पाकिस्तानी टीम पर आरोप लगाए थे. पाकिस्तान के कप्तान शाहीन शाह आफरीदी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए प्रस्तावित सजा को मान लिया.

मुकाबले में पाकिस्तानी टीम ने पहले गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को 8 विकेट पर 325 रन बनाने दिए. इसके बाद फखर जमां की शानदार शतकीय पारी के दम पर पाकिस्तानी टीम ने 326 रनों का लक्ष्य नौ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया.

फखर जमां ने 99 गेंदों पर 127 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और छह छक्के शामिल थे. उनकी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने यादगार जीत दर्ज की, लेकिन धीमी ओवर गति के कारण टीम को खिताबी जीत के बाद जुर्माना भी भुगतना पड़ा.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0