MP कांग्रेस की PAC बैठक में बड़ा फेरबदल, कमलनाथ-दिग्विजय और अरुण यादव नहीं होंगे शामिल

Aug 11, 2026 - 07:14
 0  7
MP कांग्रेस की PAC बैठक में बड़ा फेरबदल, कमलनाथ-दिग्विजय और अरुण यादव नहीं होंगे शामिल

भोपाल
 मध्य प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की अहम बैठक मंगलवार को भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में होगी। बैठक में इस बार मुख्य एजेंडा संगठन सृजन और पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना रहेगा।प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी अब तक संगठन सृजन के तहत हुए काम की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही आगामी दिनों में संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी चर्चा होगी।

विमान के इंजन में खराबी, नकुलनाथ छिंदवाड़ा से नहीं उड़ सके
बैठक में पहली बार नकुलनाथ के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन छिंदवाड़ा से भोपाल आने वाले विमान के एक इंजन में खराबी आ गई। इसके चलते विमान उड़ान नहीं भर सका और नकुलनाथ बैठक में शामिल नहीं हो पाए।

नकुलनाथ के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी इसी विमान से भोपाल आने वाले थे। विमान में खराबी के बाद हरीश चौधरी कार से छिंदवाड़ा से भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं। संभावना है कि वे बैठक में वर्चुअली शामिल होंगे।

पटवारी के कार्यकाल में पहली बार PAC बैठक में शामिल होना था
जीतू पटवारी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद PAC के सदस्य नकुलनाथ पहली बार राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक में शामिल होने वाले थे। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि इस बार PAC की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी शामिल होंगे। हालांकि, अब नकुलनाथ के विमान में तकनीकी खराबी के कारण उनके बैठक में पहुंचने पर विराम लग गया है।

सभी सदस्यों को व्यक्तिगत रूप से शामिल होने के लिए बुलाया गया
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, संगठन महासचिव डॉ. संजय कामले, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा सहित PAC के अन्य सदस्य मौजूद रहेंगे। पिछली बैठक ऑनलाइन आयोजित की गई थी, लेकिन इस बार कमेटी के सभी 37 सदस्यों को बैठक में व्यक्तिगत रूप से शामिल होने के लिए बुलाया गया है।

दिग्विजय सिंह और अरुण यादव फिलहाल विदेश में हैं
बैठक में पार्टी के तीन प्रमुख नेता पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पूर्व सांसद अरुण यादव शामिल नहीं होंगे। जानकारी के मुताबिक, दिग्विजय सिंह और अरुण यादव फिलहाल विदेश में हैं, जबकि कमलनाथ की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उनके बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है। वहीं, छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ के बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

दतिया चुनाव की समीक्षा और निकाय चुनाव की तैयारियों पर मंथन
बैठक में दतिया चुनाव की समीक्षा के साथ नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। इसके अलावा यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस की गतिविधियों और संगठनात्मक कामकाज की भी समीक्षा होगी।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0