चंडीगढ़ में हड़कंप: 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वॉड के साथ सर्च ऑपरेशन जारी

Apr 16, 2026 - 08:14
 0  9
चंडीगढ़ में हड़कंप: 5 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, डॉग स्क्वॉड के साथ सर्च ऑपरेशन जारी

चंडीगढ़.

शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब अलग-अलग सेक्टरों में स्थित पांच नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। सेक्टर-49 स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-45 के सेंट स्टीफन स्कूल, सेक्टर-41 के अजित करम सिंह स्कूल, सेक्टर-32 के सॉंपिन्स स्कूल और सेक्टर-26 के सेंट जॉन स्कूल को धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं।

सूचना मिलते ही सभी स्कूलों में एहतियात के तौर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचकर स्कूल परिसरों की गहन जांच कर रही हैं। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन ने आवश्यक कदम उठाए और कई जगहों पर बच्चों को समय से पहले छुट्टी दे दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। स्कूलों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है।

फिलहाल किसी भी स्कूल से संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है। साइबर सेल की टीम ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में शरारती तत्वों की साजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0