दीपावली-छठ पर रेलवे की राहत, जयपुर से बिहार-यूपी समेत कई राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े

Oct 16, 2026 - 11:44
 0  8
दीपावली-छठ पर रेलवे की राहत, जयपुर से बिहार-यूपी समेत कई राज्यों के लिए स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े

जयपुर
दीपावली और छठ महापर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाई है। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से कई स्पेशल ट्रेनों के नए फेरे चलाए जा रहे हैं, जबकि पहले से संचालित कुछ ट्रेनों को नवंबर और दिसंबर तक विस्तार दिया गया है। इससे जयपुर सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों से उत्तर प्रदेश, बिहार, प्रयागराज, हरिद्वार, मुंबई और दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रयागराज, बिहार और यूपी के लिए ट्रेनें
प्रयागराज-सीकर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 30 नवंबर तक बढ़ाया गया है। श्रीगंगानगर-समस्तीपुर स्पेशल ट्रेन 18 अक्टूबर से 29 नवंबर तक चलेगी। इसके अलावा मदार-पटना, प्रयागराज-साबरमती और कानपुर सेंट्रल-असारवा के बीच भी स्पेशल ट्रेनें संचालित की जा रही हैं।

हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए भी सुविधा
हरिद्वार जाने वाले यात्रियों के लिए साबरमती-हरिद्वार, वेरावल-हरिद्वार और बाड़मेर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध हैं। वहीं, अजमेर और उदयपुर सिटी से योगनगरी ऋषिकेश के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। लालकुआं-साबरमती स्पेशल ट्रेन 25 नवंबर तक संचालित होगी।

मुंबई और दक्षिण भारत के लिए बढ़े फेरे
जोधपुर-चेन्नई और कोयम्बटूर-जयपुर-कोयम्बटूर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनों का संचालन बढ़ाया गया है। इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस, मुंबई सेंट्रल और सोलापुर के लिए भी अतिरिक्त फेरे निर्धारित किए गए हैं।

कई अन्य स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाई
त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए भगत की कोठी-दानापुर स्पेशल ट्रेन 25 नवंबर तक और अजमेर-रांची स्पेशल ट्रेन 27 नवंबर तक चलेगी। सुबेदारगंज-भगत की कोठी और जोधपुर-मऊ सहित अन्य स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि भी बढ़ाई गई है। ओखा-शकूरबस्ती, भावनगर-शकूरबस्ती, हिसार-वलसाड, बीकानेर-साईनगर शिर्डी और भिवानी रूट की स्पेशल ट्रेनों के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। इन व्यवस्थाओं से त्योहार के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। हालांकि, कन्फर्म टिकट की उपलब्धता संबंधित ट्रेन में सीटों और मांग पर निर्भर करेगी।

टिकट बुकिंग कैसे करें?
आइआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट irctc.co.in या IRCTC Rail Connect ऐप से टिकट बुक कर सकते हैं। किसी भी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर से टिकट लिया जा सकता है।

दो ट्रेन आज से बदले रूट से चलेंगी
जयपुर. धर्मवरम-नागसमुद्रम-पेनुकोंडा रेलखंड के दोहरीकरण का काम पूरा होने के बाद रेलवे ने अजमेर और जोधपुर से बेंगलुरु जाने वाली दो ट्रेनों का मार्ग स्थायी रूप से बदल दिया है। अजमेर-बेंगलुरु एक्सप्रेस और जोधपुर-बेंगलुरु एक्सप्रेस 16 अक्टूबर से परिवर्तित मार्ग धर्मवरम-नागसमुद्रम-पेनुकोंडा होकर संचालित होंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0