लाड़ली बहना योजना की नई किस्त की तारीख तय, जानिए कब आएंगे खाते में पैसे

Oct 11, 2025 - 04:44
 0  32
लाड़ली बहना योजना की नई किस्त की तारीख तय, जानिए कब आएंगे खाते में पैसे

भोपाल
मध्य प्रदेश की बहुप्रतीक्षित लाड़ली बहना योजना को लेकर एक अहम अपडेट सामने आई है। इस बार जहां लाखों बहनों के लिए खुशखबरी है, वहीं कुछ महिलाओं के लिए निराशा भी हो सकती है। जानकारी के अनुसार, प्रदेश में कई पात्र महिलाएं अक्टूबर माह की यानी 29वीं किस्त से वंचित रह सकती हैं।

कब मिलेगी 29वीं किस्त की राशि
लाड़ली बहना योजना की राशि आमतौर पर हर महीने की 15 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में जमा की जाती है। सितंबर में पिछली किस्त 12 तारीख को जारी हुई थी। इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि दीपावली के बाद भाई-दूज से योजना की राशि ₹1500 प्रतिमाह कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि अक्टूबर की किस्त अभी भी ₹1250 की ही होगी, जबकि नवंबर से महिलाओं को बढ़ी हुई ₹1500 की राशि मिलेगी।
 
किसे नहीं मिलेगी अक्टूबर की किस्त?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्यभर में ई-केवाईसी (e-KYC) प्रक्रिया के दौरान कई महिलाओं की समग्र आईडी (Samagra ID) डिलीट हो गई है। इससे उनके बैंक खातों में अक्टूबर की राशि नहीं पहुंचेगी। सतना और सिंगरौली जिलों में ऐसे मामलों की संख्या अधिक बताई जा रही है, जहां महिलाओं का डेटा सत्यापन में असफल रहा है।

इसके अलावा, योजना के पात्रता मानदंडों के अनुसार, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाएं स्वतः ही योजना से अपात्र हो जाती हैं। जिन महिलाओं के आधार कार्ड या समग्र पोर्टल पर दर्ज आयु 60 वर्ष से अधिक है, उन्हें इस माह की राशि नहीं मिलेगी। जनवरी 2025 में भी इसी कारण कई महिलाएं योजना (Ladli Behna Yojana) से बाहर की गई थीं।
 
कैसे मिलेगी अगली किस्त
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन महिलाओं की समग्र आईडी या e-KYC अपडेट नहीं है, वे इसे जल्द सुधार लें। जानकारी अपडेट करने के बाद वे अगली किस्त से योजना का लाभ फिर से प्राप्त कर सकेंगी। दीपावली के बाद नवंबर माह में बढ़ी हुई ₹1500 की किस्त लाखों लाड़ली बहनों के लिए एक बड़ी राहत और खुशी लेकर आने वाली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0