पटना में 150 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनेगा, 15 हजार करोड़ की परियोजना

Apr 12, 2026 - 11:14
 0  8
पटना में 150 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनेगा, 15 हजार करोड़ की परियोजना

पटना

बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने विभिन्न मुद्दों पर बयान देते हुए विकास योजनाओं, यूनिफॉर्म सिविल कोड और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बताया कि राजधानी पटना में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए केंद्र सरकार के भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत एक बड़े रिंग रोड निर्माण की योजना बनाई जा रही है।

पटना में बनेगी दिल्ली की तरह रिंग रोड
बिहार सरकार के मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने बात करते हुए कहा, 'पटना में बन रही यह रिंग रोड लगभग 150 किलोमीटर लंबी होगी और इसके निर्माण पर करीब 15 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना की प्रारंभिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।'

इन जिलों तक पहुंच हो जाएगी और भी आसान
उन्होंने कहा कि पटना में रिंग रोड के बनने से जिले के आसपास के जिलों जैसे वैशाली, सारण, समस्तीपुर और अन्य क्षेत्रों में आवागमन काफी सुगम हो जाएगा। साथ ही, राजधानी में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना दिल्ली की तर्ज पर विकसित की जा रही है, जिससे शहरी परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुचारू बनाया जा सके।

राजधानी पटना में सरकार रिंग रोड बनाने जा रही है। ये 150 किमी लंबी होगी और इसे बनाने में 15 हजार करोड़ का खर्च आएगा।

UCC पर भी बोले दिलीप जायसवाल
यूनिफॉर्म सिविल कोड के मुद्दे पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि यह कोई विवाद का विषय नहीं है, बल्कि इससे देश के सभी नागरिकों को समान अधिकार मिलेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से उछाल रहे हैं, लेकिन जनता अब इन बातों को समझ चुकी है।

कांग्रेस सबसे बड़ी महिला विरोधी- बीजेपी
इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ने दशकों तक महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी से दूर रखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए अधिक अवसर दिए जाएं और उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला करते हुए जायसवाल ने कहा कि वह बार-बार भ्रामक बयान देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है, जिसके कारण वह इस तरह के बयान दे रही हैं। साथ ही, उन्होंने मालदा को घुसपैठ का केंद्र बताते हुए कहा कि देश विरोधी गतिविधियों के लिए इस क्षेत्र का इस्तेमाल किया जाता रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0