NDMC ने शुरू किए CNG आधारित मैकेनिकल रोड स्वीपर, धूल प्रदूषण पर लगेगा ब्रेक
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन और आधुनिक शहरी प्रबंधन के विज़न को आगे बढ़ाते हुए नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने राजधानी की सफ़ाई व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। NDMC के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने मंगलवार को कनॉट प्लेस क्षेत्र में दो CNG आधारित मैकेनिकल रोड स्वीपर (MRS) का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि राजधानी में बढ़ते धूल और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए आधुनिक तकनीक से लैस सफ़ाई प्रणाली समय की ज़रूरत है। NDMC द्वारा शुरू की गई यह पहल न केवल सड़कों की बेहतर सफ़ाई सुनिश्चित करेगी, बल्कि हवा की गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने बताया कि NDMC क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर दिन और रात दोनों समय मैकेनिकल रोड स्वीपर के ज़रिये सफ़ाई की जा रही है। इन मशीनों के माध्यम से सड़क की धूल को नियंत्रित कर स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है।
कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि NDMC प्रतिदिन लगभग 415 किलोमीटर सड़कों की सफ़ाई का लक्ष्य लेकर काम कर रही है। वीवीआईपी और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में धूल प्रदूषण की गंभीर समस्या को देखते हुए पाँच नए मैकेनिकल रोड स्वीपर खरीदने का निर्णय लिया गया। सभी मशीनें CNG पर आधारित हैं और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) के डीज़ल वाहनों पर प्रतिबंध संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि NDMC देश की पहली शहरी संस्था है जिसने CNG चेसिस पर आधारित मैकेनिकल रोड स्वीपर को अपनाया है। वर्तमान में NDMC के पास पहले से चार MRS कार्यरत हैं और इस माह के अंत तक तीन और मशीनें जोड़ी जाएंगी। पाँच नई मशीनों पर लगभग ₹3.71 करोड़ की लागत आई है।
MRS की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि ये मशीनें तेज़ और प्रभावी सफ़ाई करती हैं, सड़क से कचरा हटाकर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करती हैं, श्रम और समय की बचत करती हैं तथा पर्यावरण के अनुकूल हैं। इससे शहर की स्वच्छता, सुंदरता और अंतरराष्ट्रीय छवि को भी मजबूती मिलती है।
उन्होंने बताया कि NDMC पहले ही अपने क्षेत्रों में नाइट वेट क्लीनिंग और नाइट स्वीपिंग की व्यवस्था लागू कर चुकी है, ताकि नागरिकों को हर सुबह साफ़ और धूल-मुक्त वातावरण मिल सके। आने वाले समय में इस व्यवस्था को अन्य बाज़ारों और क्षेत्रों में भी विस्तार देने की योजना है।
इस कार्यक्रम में नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव, स्थानीय व्यापारी, आगंतुक तथा NDMC के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
1
Wow
0