जन्माष्टमी पर पटेल नगर में निकली भव्य शोभायात्रा, माँ झंडेवाली के डोले ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

Sep 2, 2026 - 13:39
Sep 2, 2026 - 13:41
 0  8
जन्माष्टमी पर पटेल नगर में निकली भव्य शोभायात्रा, माँ झंडेवाली के डोले ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

नई दिल्ली। (साहस समाचार )जन्माष्टमी के पावन अवसर पर झंडेवाला देवी मंदिर की ओर से पटेल नगर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओतप्रोत इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। शोभायात्रा में महारानी माँ झंडेवाली का मुख्य डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे मंदिर के सेवादार रस्सियों के सहारे पूरे मार्ग में श्रद्धापूर्वक खींचते हुए आगे ले गए।

 

शोभायात्रा में भक्ति के साथ सेवा और स्वच्छता का भी विशेष संदेश देखने को मिला। डोले के आगे पूरे मार्ग की सफाई के साथ पानी का छिड़काव किया जा रहा था। पुरुष सेवादार भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के रास की मनमोहक झांकी के साथ झंडेवाला देवी मंदिर ब्लड सेंटर की झांकी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पूरे मार्ग में ठंडे पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी। जल व्यवस्था का डोला शोभायात्रा के साथ चलता रहा और रास्ते भर श्रद्धालुओं तथा आम लोगों को पीने के लिए ठंडा पानी उपलब्ध कराया गया।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस भी शोभायात्रा के साथ मौजूद रही। वहीं, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर के सेवादार पूरे मार्ग में लगातार अपनी सेवाएं देते रहे।
शोभायात्रा में भक्ति, सेवा, स्वच्छता और सामाजिक समरसता का सुंदर संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ झंडेवाली और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों के बीच शोभायात्रा में सहभागिता की।
मंदिर प्रबंधन ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी आयोजन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अनुरोध किया। प्रबंधन ने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे आयोजनों की जानकारी समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना आवश्यक है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0