भागलपुर में सरस्वती विसर्जन के दौरान बमबाजी में 4 घायल, तनाव के बाद पुलिस बल तैनात

Jan 25, 2026 - 13:44
 0  12
भागलपुर में सरस्वती विसर्जन के दौरान बमबाजी में 4 घायल, तनाव के बाद पुलिस बल तैनात

भागलपुर.

लोदीपुर थानाक्षेत्र के गोहारियों गांव के वार्ड संख्या 14 में सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन शोभा के दौरान बमबाजी में चार लोग जख्मी हो गए। घटना शनिवार की देर रात तब घटी जब मंडल टोला के दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान जमकर मारपीट हुई। इसके बाद विवाद बढ़ा तो बमबाजी की घटना सामने आई।

बमबाजी में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घायलों में नीरज कुमार उम्र 22 वर्ष, गौतम कुमार उम्र 25 वर्ष, मेघु मंडल उम्र 55 वर्ष और छोटू कुमार उम्र 18 वर्ष शामिल हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है। पुलिस गांव में कैंप कर रही है।

डीजे बजाने को लेकर हुआ था विवाद
जख्मी युवकों ने पुलिस को जानकारी दी है कि सरस्वती पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे बजाया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट होते देख डीजे चालक ने गाड़ी को पास में ही खड़ा कर दिया। इसके बाद चालक अपने भाई और चाचा के साथ घर जाने लगा। इसी क्रम में अचानक दो बार बम फेंका गया। बमबाजी की घटना में वह स्वयं, उसका भाई और उसके चाचा घायल हो गए। अचानक हुए दो धमाके से आसपास के लोग इधर-उधर भागने लगे। अफरातफरी जैसी स्थिति बन गई।

भारी पुलिस बल तैनात
घायलों में नीरज कुमार के एक पैर में बम के स्प्लिंटर लगने से गहरा जख्म हो गया है। गौतम कुमार के कमर में गंभीर चोट आई है। मेघु मंडल की कमर और पैर बुरी तरह झुलस गये हैं, जबकि छोटू कुमार का मुंह में जख्म लगा है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव मायागंज अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की जानकारी ली और बेहतर इलाज करने का अनुरोध किया। घटना के बाद सिटी एसपी शैलेन्द्र सिंह, डीएसपी और लोदीपुर थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल गांव में कैंप कर हालात नियंत्रित कर लिया है। बमबाजी करने के आरोपितों का सत्यापन कर लिया गया है। उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0