सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, त्रिशा-गायत्री ने जीत से किया आगाज

Nov 26, 2026 - 09:14
 0  8
सैयद मोदी बैडमिंटन चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का जलवा, त्रिशा-गायत्री ने जीत से किया आगाज

लखनऊ
सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर-300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में बुधवार को भारतीय शटलरों ने शानदार शुरुआत की। मौजूदा चैंपियन त्रिशा जाली और गायत्री गोपीचंद ने महिला युगल में जीत दर्ज कर खिताब की हैट्रिक की ओर पहला कदम बढ़ाया। विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता त्रिशा-गायत्री ने पहले दौर में क्वालीफायर रश्मि गणेश और अमृता प्रमुथेश की जोड़ी को सिर्फ 25 मिनट में 21-8, 21-7 से शिकस्त दी।

बीबीडी बैडमिंटन अकादमी में हो रही चैंपियनशिप के महिला एकल वर्ग में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा रहा। तान्या हेमंत ने सातवीं वरीयता प्राप्त और थाईलैंड मास्टर्स चैंपियन देविका सिहाग को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-14, 18-21, 21-16 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। तस्नीम मीर ने मालविका बंसोड़ को 21-17, 21-12 से मात देकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। दूसरी वरीय तान्वी शर्मा भी मलेशिया की गोह जिन वेई के चोट के कारण मुकाबले से हटने पर आगे बढ़ गईं। आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ ने इंडोनेशिया की थालिता रामाधानी विर्यावान को 21-12, 25-23 से हराया।

आकर्षी कश्यप को मिली हार
हालांकि, आकर्षी कश्यप को मलेशिया की वोंग लिंग चिंग के हाथों 11-21, 10-21 से हार मिली। मानसी सिंह भी थाईलैंड की चौथी वरीय सुपानिडा काथेथोंग से 14-21, 14-21 से हार गईं। अनुपमा उपाध्याय चोट के कारण मुकाबले से हट गईं।

तुषार सुवीर ने किया बड़ा उलटफेर
पुरुष एकल में तुषार सुवीर ने पांचवीं वरीय मलेशियाई खिलाड़ी जस्टिन हो को 21-11, 21-17 से हराकर उलटफेर किया। क्वालीफायर शाश्वत दलाल ने अमेरिका के मार्क शेली अल्काला को 21-14, 16-21, 21-7 से मात दी। हालांकि, किरण जार्ज और एस शंकर मुथुसामी को हार का सामना करना पड़ा। महिला युगल में अश्विनी भट-शिखा गौतम और नेयसा कैरियप्पा-प्रवंधिका राघवन ने जीत दर्ज की। मिश्रित युगल में सात्विक रेड्डी-रेशिका और ध्रुव रावत-के मनीषा ने भी अपने मुकाबले जीते। पुरुष युगल में भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोब्बुरु की जोड़ी ने जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0