बिहार में जारी रहेगा डिप्टी सीएम का डबल पावर: सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पर BJP की मुहर

Nov 19, 2025 - 10:44
 0  7
बिहार में जारी रहेगा डिप्टी सीएम का डबल पावर: सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पर BJP की मुहर

पटना 
भाजपा ने बिहार में कोई बदलाव न करने का फैसला लिया है। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पहले की तरह डिप्टी सीएम बने रहेंगे। अति पिछड़ा वर्ग से आने वाले सम्राट चौधरी का कद बीते कुछ सालों में भाजपा में तेजी से बढ़ा है। ऐसे में उनके सामाजिक वर्ग को ध्यान में रखते हुए भाजपा नेतृत्व ने उन्हें बनाए रखने का फैसला लिया है। इसके अलावा विजय सिन्हा भी बिना किसी विवाद के डिप्टी सीएम के पद पर बने रहे हैं। इसलिए उनके अलावा किसी और नाम पर विचार नहीं किया गया। दोनों नेताओं ने सीएम नीतीश कुमार से भी अब तक बेहतर तालमेल के साथ ही काम किया है। 

विधायक दल की मीटिंग में सम्राट चौधरी को नेता चुन लिया गया, जबकि विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया। दोनों ही उपमुख्यमंत्री होंगे। पहले भी सम्राट नेता थे और विजय सिन्हा उपनेता के ही पद पर थे। इस तरह भाजपा ने सत्ता में वापसी होने के बाद किसी भी तरह का बदलाव ना करने का फैसला लिया है। वहीं नीतीश कुमार फिर से जेडीयू विधानमंडल दल के नेता चुने गए हैं और वह गुरुवार को सुबह 11:30 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। उनके साथ ही सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी गांधी मैदान में शपथ लेंगे। फिलहाल चर्चा है कि कुल 20 मंत्रियों की शपथ गांधी मैदान में हो सकती है। इसके बाद भी कैबिनेट विस्तार किए जाने की संभावना होगी।

डिप्टी सीएम फिर से बनाए जाने के फैसले के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं पार्टी का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। मुझे यह अहम जिम्मेदारी मिली है और मैं पहले की तरह मेहनत से काम करता रहूंगा। भाजपा नेता नित्यानंद राय ने कहा कि यह फैसला बिना किसी मतभेद के लिया गया है। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं।

नित्यानंद राय बोले- सर्वसम्मति से फैसला, ऐतिहासिक होगा शपथ समारोह
उन्होंने कहा कि यह जीत ऐतिहासिक थी और गुरुवार को होने वाला शपथग्रहण समारोह भी ऐतिहासिक होगा। वहीं विजय सिन्हा ने कि केंद्रीय नेतृत्व के साथ ही विधायकों का भी मैं धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने हमारे ऊपर भरोसा जताया। आज ही शाम को 3:30 बजे एनडीए की भी एक मीटिंग होने वाली है। इस बैठक में नीतीश कुमार को एनडीए का नेता चुने जाने की औपचारिकता पूरी की जाएगी।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0