'मुगल-ब्रिटिश गए, बीजेपी वाले भी चले जाएंगे', कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी का भाजपा पर जुबानी वार

Jan 22, 2026 - 08:14
 0  7
'मुगल-ब्रिटिश गए, बीजेपी वाले भी चले जाएंगे', कुरुक्षेत्र में राहुल गांधी का भाजपा पर जुबानी वार

कुरुक्षेत्र.

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि जब भी आप किसी संगठन में काम करते हैं तो सर्वप्रथम आपका काम उस संगठन की मजबूती के लिए प्रयास करना होना चाहिए। जब संगठन मजबूत होता है तो आप भी मजबूत होते हैं। आपको जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कर्तव्यनिष्ठा से इसे निभाना है। आप कांग्रेस के योद्धा हैं और योद्धा की तरह ही कार्य करना है। सामने भ्रष्ट सत्ता का साम्राज्य एक बड़ी चुनौती है, निर्भीक होकर इन चुनौतियों का सामना करते हुए संगठन को और सशक्त बनाना है। आपकी आवाज को कोई दबा नहीं सकता, क्योंकि कांग्रेस जैसा मजबूत संगठन आपके साथ खड़ा है। जिस तरह देश से मुगल और ब्रिटिश चले गए, एक दिन भाजपा वाले भी चले जाएंगे।

वह सन्निहित सरोवर के निकट पंजाबी धर्मशाला में हरियाणा और उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिवर के के नौवें दिन संबोधित कर रहे थे। जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद करते हुए राहुल गांधी ने संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ कांग्रेस पार्टी के इतिहास, विचारधारा और रणनीति को साझा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन सख्ती से लागू होना चाहिए। आप सामर्थ्यवान हैं और किसी के दबाव में आकर निर्णय लेने की आवश्यकता नहीं, स्वतंत्र होकर काम करें। उन्होंने कहा कि हम आपकी प्रगति का समय-समय पर मूल्यांकन करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश व सहयोग प्रदान करते रहेंगे।

राहुल गांधी सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर धर्मशाला पहुंचे और शाम 4:40 बजे अंबाला के लिए निकल गए। यहां पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इनमें प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रफुल्ल गुडधे, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, उत्तराखंड प्रदेशाध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, सिरसा सांसद कुमारी सैलजा, थानेसर विधायक अशोक अरोड़ा, प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज सहित हरियाणा और उत्तराखंड के कई नेता शामिल रहे।

शिविर का वीरवार को समापन होगा। राहुल गांधी ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा की सरकार बनाने में विदेशी ताकतों का हाथ था। वर्तमान केंद्र सरकार भी विदेशी ताकतों के हाथों खेल रही है। राहुल गांधी ने प्रत्येक जिलाध्यक्ष से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। विस्तृत चर्चा करने के साथ-साथ जानकारियां साझा की और सुझावों का आदान-प्रदान भी किया। उन्होंने जिलाध्यक्षों और उनके स्वजन संग भोजन किया। उनका यह आत्मीयता और अपनत्व भरा व्यवहार कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर गया। राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों को कहा कि संगठन की मजबूती के साथ-साथ स्वयं को भी मजबूत बनाना जरूरी है। सेशन के अंतिम घंटे में राहुल गांधी ने स्वयं की मजबूती पर जोर देते हुए 35 मिनट तक जिलाध्यक्षों को ताइक्वांडो की ट्रेनिंग दी। राहुल के ताइक्वांडो के गुर सिखाते हुए जिलाध्यक्षों को स्वयं भी एक्शन करके दिखाए और जिलाध्यक्षों से भी करवाए।

उन्होंने कहा कि यह आत्मरक्षा की एक तकनीक है, जिसे सभी को सीखना चाहिए। यह किसी भी बुरे वक्त में काम आती है। साथ ही उन्होंने जिलाध्यक्षों को पाठ पढ़ाया कि इस तकनीक का कभी गलत प्रयोग नहीं करना चाहिए। कुरुक्षेत्र के सन्निहित सरोवर के निकट स्थित पंजाबी धर्मशाला में चल रहा शिविर 13 जनवरी को शुरू हुआ था। इसका उद्देश्य पार्टी को जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करना रहा। 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिवर 22 जनवरी वीरवार को संपन्न होगा। इसमें हरियाणा और उत्तराखंड के 60 जिलाध्यक्ष भाग ले रहे हैं। इनमें 33 जिलाध्यक्ष हरियाणा के और 27 जिलाध्यक्ष उत्तराखंड के शामिल रहे। इन जिलाध्यक्षों में चार महिला जिलाध्यक्ष शामिल हैं, जिनमें हरियाणा से एकमात्र सिरसा जिले की संतोष बेनीवाल हैं, जबकि तीन महिला जिलाध्यक्ष उत्तराखंड से हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0