खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नियुक्ति के 25 से साक्षात्कार, कल से डाउनलोड करें कॉल लेटर

Feb 12, 2026 - 11:14
 0  7
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी नियुक्ति के 25 से साक्षात्कार, कल से डाउनलोड करें कॉल लेटर

रांची.

स्वास्थ्य विभाग में खाद्य सुरक्षा सेवा के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की नियुक्ति के लिए साक्षात्कार 25 फरवरी से शुरू होगा। झारखंड लोक सेवा आयोग ने इस नियुक्ति परीक्षा के तहत प्रमाणपत्रों के सत्यापन एवं साक्षात्कार का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इससे पहले आयोग ने इसकी लिखित परीक्षा का परिणाम जारी किया था। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग लेंगे।

जेपीएससी द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, साक्षात्कार के लिए सफल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों का सत्यापन 24 फरवरी से 26 फरवरी तक पूर्वाह्न 10 बजे से होगा। वहीं, साक्षात्कार 25 फरवरी से 27 फरवरी तक होगा। प्रमाणपत्रों के सत्यापन एवं साक्षात्कार में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी अपना कॉल लेटर 13 फरवरी से आयोग की वेबसाइट से अपना क्रमांक एवं जन्मतिथि डालकर डाउनलोड कर सकेंगे। साक्षात्कार 30 अंकों का होगा। मेधा सूची का निर्धारण लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार के अंकों के योग के आधार पर होगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित न्यूनतम अंक भी लाना अनिवार्य होगा।

कुल 56 पदों के विरुद्ध नियुक्ति के लिए परीक्षा
बता दें कि खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के कुल 56 पदों के विरुद्ध नियुक्ति के लिए ली गई लिखित परीक्षा में 149 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। कुल 56 पदों में 22 पद अनारक्षित हैं। वहीं, 14 पद एसटी, छह पद एससी, पांच पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग, तीन पद पिछड़ा वर्ग तथा छह पद आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के अभ्यर्थी के लिए आरक्षित हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0