शिक्षामित्रों के लिए बड़ी सौगात: हर महीने ₹18,000, अनुदेशकों पर भी CM योगी का ऐलान

Feb 20, 2026 - 16:44
 0  7
शिक्षामित्रों के लिए बड़ी सौगात: हर महीने ₹18,000, अनुदेशकों पर भी CM योगी का ऐलान

लखनऊ
यूपी बजट सत्र के दौरान विधानसभा में बोल रहे सीएम योगी ने शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को लेकर बड़ी घोषणा कर दी। सीएम योगी ने कहा, शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ा दिया है। अप्रैल से शिक्षामित्रों को अब 18 हजार रुपये मिलेंगे। पहले इन्हें 10 हजार रुपये मिलते थे। साथ ही अनुदेशकों का मानदेय नौ हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये कर दिया गया है। अप्रैल से दोनों लोगों को बढ़ा हुआ मानदेय मिलना शुरू हो जाएगा। इसके अलावा सीएम योगी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के लिए 580 करोड़ रुपये, 16 लाख ट्यूबवेल को 3000 करोड़ के खर्च से फ्री बिजली देने की घोषणा की है।

हर न्याय पंचायत में बनाए जाएंगे डिजिटल उद्यमी, 50 प्रतिशत होंगी महिलाएं
महिलाओं को लेकर घोषणा करते हुए सीएम योगी ने कहा, प्रदेश में आठ हजार न्याय पंचायत हैं। हर न्याय पंचायत में डिजिटल उद्यमी बनाए जाएंगे। इसके अलावा हर न्याय पंचायत पर महिला उद्यमी विपणन केंद्र बनाए जाएंगे। इसमें 50 प्रतिशत महिलाएं होंगी। जिन्हें 10 लाख तक का मुफ्त ऋण दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश के एक करोड़ सेल्फ हेल्प ग्रुप के लिए न्याय पंचायत स्तर पर 100 करोड़ के खर्च से महिलाओं के लिए शॉपिंग कॉम्पलेक्स खोले जाएंगे। सीएम योगी ने कहा, हर साल यूपी में 60 लाख संस्थागत प्रसव करवाने के लिए अस्पतालों को इंपैनल किया जाएगा। इसमें लिए 1000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

25 लाख युवाओं को फ्री टूल किट देगी यूपी सरकार
युवाओं को लेकर घोषणा करते हुए सीएम योगी ने कहा, यूपी में अब एआई गेम चेंजर होने वाला है। सीएम योगी ने कहा, कामकाजी युवाओं को एआई टूल किट्स उपलब्ध करवाए जाएंगे। यूपी सरकार 25 लाख युवाओं को फ्री टूल किट देगी। साथ ही स्टार्टअप और इनोवेशन में सहयोग भी किया जाएगा। एआई कृषि क्षेत्र में भी बड़ी भूमिका निभाएगा। यूपी में रोबोटिक्स तकनीकी को बढ़ावा दिया जाएगा। 50 प्रतिशत शहरीकरण का काम होगा। माल ढुलाई, खाद का छिड़काव भी एआई रोबोट से होगा।

सीएम योगी ने विपक्ष पर बोला हमला
विधानसभा में बजट सत्र पर बोल रहे सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा, सपा सरकार में चेहरा देखकर समाजवादी पेंशन दी जाती थी। समाजवादी पेंशन स्कीम केवल समाजवादियों को ही मिलती थी। कम से कम गरीब ब्राह्मण को पेंशन दे देते। सीएम योगी कहा, सपा सरकार में हर साल इंसेफेलाइटिस से 1500 से 1700 SC- ST बच्चों की मौतें होती थीं। 2019 के बाद से इंसेफेलाइटिस का उन्मूलन हो चुका है। हमने किसी की जाति नहीं देखी। सपा की 4 बार सरकार बनी, लेकिन आपने विचार तक नहीं किया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय पर तंज कसा। कहा, आप सच्चे समाजवादी हैं। समाजवादी विचारधारा के साथ चले, वो अलग बात है कि आपके साथ शिवपाल जी जैसे लठैत ने भी चलने की कोशिश की। आपने कुछ जनपदों की पहचान ऐसी बना दी थी कि लोग होटल में कमरा नहीं देते थे, लेकिन हम लोगों ने व्यवस्था बदली, परसेप्शन बदल गया। आज लोग कहते हैं, अच्छा आप यूपी से आए हैं।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0