BJP कार्यक्रम से धनबाद मेयर संजीव सिंह ने बनाई दूरी, सियासी हलचल तेज

Mar 8, 2026 - 15:44
 0  7
BJP कार्यक्रम से धनबाद मेयर संजीव सिंह ने बनाई दूरी, सियासी हलचल तेज

रांची

 प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को स्थानीय निकाय चुनाव में जीत कर आए प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने विजयी प्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उन्हें जनता के लिए हमेशा उपस्थित रहने की सलाह दी।समारोह में रांची की मेयर रोशनी खलको, पलामू की मेयर अरुणा शंकर और आदित्यपुर के मेयर संजीव सरदार उपस्थित रहे। लेकिन धनबाद के मेयर संजीव सिंह कार्यक्रम में नहीं थे। बता दें कि संजीव सिंह ने भाजपा समर्थित प्रत्याशी के विरोध में जाकर चुनाव लड़ा था और उन्हें जीत मिली है। भाजपा ने उन्हें चुनाव के बीच में नोटिस दिया था। लेकिन जीत के बाद कई भाजपा नेता उन्हें वापस अपने साथ रखने का प्रयास कर रहे थे।

धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने तो संजीव सिंह को जीत की बधाई भी दी थी। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा के आंदोलन की वजह से हुए निकाय चुनावों में जनता ने पार्टी समर्थित प्रत्याशियों को समर्थन दिया है।

दो साल से निकाय में अफसरशाही चल रही थी। अब चुने हुए प्रतिनिधियों को निचले स्तर पर विकास कार्यों में तेजी लानी है।
केंद्र सरकार करेगी मदद

निर्वाचित प्रतिनिधियों को रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने शुभकामना देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांव से लेकर शहर तक विकास की धारा चल रही है। राज्य के विकास में केंद्र सरकार स्थानीय निकायों को पूरी मदद देगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों पर स्थानीय स्तर के विकास की बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा हर तरह से निकाय क्षेत्रों में विकास के लिए संकल्प ले रही है। कार्यक्रम में समीर उरांव, राकेश प्रसाद समेत कई नेता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0